17 हजार की फीट पर इंडिगो की फ्लाइट पर गिरी आकाशीय बिजली, पिचक गई ‘नोज़’, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

पटना : बिहार की राजधानी पटना से गुजरात के अहमदाबाद जा रहे इंडिगो के एक विमान पर अचानक बिजली गिर गई घटना के समय विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. लखनऊ के आसपास हुई इस घटना के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई.

17 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ हादसा

विमान संख्या 6E 925 पटना से अहमदाबाद के लिए उड़ान भर रहा था. इसमें करीब 170 यात्री सवार थे. लखनऊ के आसपास विमान पर अचानक बिजली गिरने के बाद उसके अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा. घटना बुधवार देर शाम की है. एक फोटो सामने आई है जिसमें विमान की नोज़ पिचकी हुई दिखाई दे रही है.

पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई सुरक्षित लैंडिंग

बिजली गिरने की घटना के बाद पायलट ने तत्काल लखनऊ एटीसी से संपर्क किया. स्थिति को देखते हुए लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग की व्यवस्था की गई. इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया.

तकनीकी जांच में नोज डैमेज मिला

लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की. जांच के दौरान विमान के अगले हिस्से में नुकसान पाया गया. सुरक्षा मानकों को देखते हुए एयरलाइन ने विमान को ग्राउंड कर दिया.

अहमदाबाद जाने वाली अगली उड़ान रद्द

लखनऊ उतरने के बाद इसी विमान को आगे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी जांच में नुकसान मिलने के बाद विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई. इसके चलते आगे की उड़ान रद्द करनी पड़ी.

यात्रियों को दूसरे विमान का विकल्प

उड़ान रद्द होने के बाद यात्रियों को दूसरी उड़ान से यात्रा करने का विकल्प दिया गया. यात्रियों के लिए टिकट का पूरा रिफंड लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई.

बिजली गिरने से विमान कैसे प्रभावित होता है?

आधुनिक यात्री विमानों को उड़ान के दौरान बिजली गिरने जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाता है. आमतौर पर बिजली विमान के बाहरी हिस्से से होकर गुजरती है और दूसरे हिस्से से बाहर निकल जाती है. ऐसे मामलों में यात्रियों को आमतौर पर कोई नुकसान नहीं होता, हालांकि विमान के बाहरी हिस्से में तकनीकी क्षति हो सकती है.

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा खतरा

इस घटना में विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट ने समय रहते एटीसी से संपर्क कर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई. इसके बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच की और सुरक्षा के मद्देनजर उसे ग्राउंड कर दिया. फिलहाल विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर है और उसकी तकनीकी जांच एवं आवश्यक मरम्मत की जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading