तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. रश्मि विनायक गौतम ने दाखिल किया नामांकन

मुजफ्फरपुर: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. रश्मि विनायक गौतम ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान राजद और महागठबंधन के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

नामांकन से पहले मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में नामांकन सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रश्मि गौतम के पक्ष में समर्थन की अपील की। उनके पति और पिछली बार तिरहुत स्नातक सीट से चुनाव लड़ चुके डॉ. विनायक गौतम ने भी लोगों से रश्मि गौतम को समर्थन देने की अपील की।

डॉ. विनायक गौतम पिछली बार जनसुराज के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार राजद ने उनकी पत्नी डॉ. रश्मि विनायक गौतम को अपना उम्मीदवार बनाया है। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. विनायक गौतम ने महिला शक्ति का मुद्दा उठाया। उन्होंने नवरात्रि के पर्व का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार एक महिला उम्मीदवार को मौका मिला है और महिला शक्ति को मजबूत करने के लिए रश्मि गौतम के पक्ष में मतदान किया जाना चाहिए।

नामांकन के साथ ही तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। मौजूदा एमएलसी बंशीधर बृजवासी भी चुनाव मैदान में हैं। वहीं एनडीए की ओर से जदयू ने अभिषेक झा को उम्मीदवार बनाया है। राजद की ओर से डॉ. रश्मि विनायक गौतम और जनसुराज की ओर से डॉ. बी. मोहन चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

10 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों का फोकस स्नातक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने पर रहेगा।

पिछले चुनाव में डॉ. विनायक गौतम के दूसरे स्थान पर रहने के बाद इस बार उनकी पत्नी को राजद से टिकट मिलने से चुनावी समीकरण में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

ऐसे में तिरहुत स्नातक सीट पर प्रमुख राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के बीच मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में कौन सा उम्मीदवार स्नातक मतदाताओं का भरोसा जीतने में कामयाब होता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading