आरजेडी सांसद की गाड़ी पर ह’मला, ह’मलावरों ने पीए व चालक को बे’रहमी से पी’टा; शादी से लौटते वक्त हुई घटना

औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले में मंगलवार देर शाम एक बड़ा बवाल उस समय खड़ा हो गया, जब राजद सांसद अभय कुमार सिंहा उर्फ अभय कुशवाहा की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के हसनबार गांव के पास की बताई जा रही है। हमले के दौरान सांसद के निजी सहायक (पीए) और चालक के साथ मारपीट की गई, जबकि वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सांसद खुद गाड़ी में मौजूद नहीं थे।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सांसद के निजी सहायक संजय कुमार, सांसद की अनुपस्थिति में मदनपुर के श्रीडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के दौरान हसनबार गांव के पास संकरी सड़क पर सामने से आ रही गाड़ियों को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि सांसद की गाड़ी के चालक ने पहले अपनी गाड़ी पीछे कर दूसरी गाड़ी को रास्ता दिया। इसके बाद दूल्हा पक्ष के एक वाहन को सांसद की गाड़ी के सामने खड़ा कर दिया गया, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

चालक को गंभीर चोट
आरोप है कि कुछ लोगों ने सांसद की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और चालक नौलेश यादव उर्फ रौशन के साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे पीए संजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं।

आरोपी हुए फरार
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
तीन लोगों की पहचान का दावा
सांसद के निजी सहायक ने बताया कि हमला करने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। इनमें हसनबार गांव निवासी रौशन कुमार, सोनू कुमार और सुधीर कुमार शामिल हैं। मामले में सांसद के वाहन चालक की ओर से मदनपुर थाना में लिखित शिकायत देने की तैयारी की जा रही है।

सांसद अभय कुशवाहा ने जताई नाराजगी
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अभय कुशवाहा ने कहा कि वह फिलहाल पटना में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में उनके निजी सहायक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, तभी वाहन पर हमला किए जाने की सूचना मिली। सांसद ने कहा कि गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगे होने के बावजूद हमला किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने औरंगाबाद एसपी अंबरीश राहुल से फोन पर बात कर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने क्या कहा?
सदर एसडीपीओ-2 चंदन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बारात के दौरान गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और नोकझोंक हुई थी, जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading