मिथिलांचल के हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी परेशानी की खबर सामने आई है। दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों में लगातार कटौती हो रही है और अब इंडिगो एयरलाइंस ने एक और बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने 16 जून से दरभंगा से कोलकाता जाने वाली अपनी विमान सेवा पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही हैदराबाद रूट पर भी उड़ानों की संख्या कम कर दी गई है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, अभी तक दरभंगा से कोलकाता के लिए इंडिगो की नियमित उड़ान सेवा चल रही थी, लेकिन 16 जून के बाद यह सेवा बंद हो जाएगी। वहीं हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट अब सप्ताह में सिर्फ चार दिन ही चलेगी। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को हैदराबाद के लिए कोई विमान सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। बताया जा रहा है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए एयरलाइन अपने विमानों का नया शेड्यूल तैयार कर रही है, जिसकी वजह से दरभंगा एयरपोर्ट की सेवाओं में कटौती की गई है।

कोलकाता की फ्लाइट बंद होने से परेशानी
कोलकाता की फ्लाइट बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को होगी जो इलाज, व्यापार, नौकरी और पढ़ाई के लिए अक्सर कोलकाता जाते हैं। करीब पांच साल पहले शुरू हुई यह सेवा मिथिलांचल के लोगों के लिए काफी मददगार साबित हुई थी। अब फ्लाइट बंद होने के बाद लोगों को फिर से लंबी ट्रेन यात्रा करनी पड़ेगी या फिर पटना एयरपोर्ट का सहारा लेना होगा।

हैदराबाद रूट पर उड़ानों की संख्या कम
हैदराबाद रूट पर उड़ानों की संख्या कम होने से आईटी सेक्टर में काम करने वाले लोगों और दूसरी फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ जाएंगी। कई यात्रियों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के लोगों के लिए लाइफलाइन बन चुका है, लेकिन सुविधाएं बढ़ाने की जगह लगातार कम की जा रही हैं।

स्थानीय लोगों ने फैसले पर नाराजगी जताई
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसके बावजूद उड़ान सेवाएं घटाई जा रही हैं। पहले से ही दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट का किराया काफी ज्यादा है, ऐसे में अब कोलकाता सेवा बंद होने और हैदराबाद उड़ानों में कटौती से लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी। लोगों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मांग की है कि बंद की जा रही सेवाओं को जल्द दोबारा शुरू किया जाए।