मुजफ्फरपुर: मनियारी थाना क्षेत्र के महुआ मार्ग पर शाहपुर मरीचा स्कूल के पास सोमवार की रात ऑटो सवार बदमाशों ने शिक्षक दंपती को घेर लिया। विरोध करने पर पहले मारपीट की। इसके बाद बाइक और महिला के गले से चेन और मंगलसूत्र छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मरीचा चौक की ओर फरार हो गए।

मामले को लेकर बरियारपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर भोपत निवासी जयपाल शरण ने मनियारी थाना में आवेदन दिया है। इसमें शशिरंजन कुमार उर्फ पलटू तथा रोशन कुमार सहित अन्य को आरोपित किया है। शिक्षक ने बताया कि सभी आरोपित शाहपुर मरीचा के निवासी हैं। उन्होंने शशिरंजन कुमार उर्फ पलटू और रोशन पर अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

घटना का विवरण
उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार को शाहपुर मरीचा निवासी सुरेंद्र सहनी के यहां श्राद्धकर्म में शामिल होने आया था। सोमवार की रात करीब आठ बजे पत्नी रंजू कुमारी के साथ बाइक से मुजफ्फरपुर स्थित अपने डेरा लौट रहे थे। शाहपुर मरीचा स्कूल के पास ऑटो सवार बदमाशों ने बाइक को घेर लिया। विरोध करने पर जान मारने की धमकी देते हुए बाइक और पत्नी के गले से चेन और मंगलसूत्र छीन लिए। ऑटो पर सात से आठ बदमाश सवार थे।

धमकी और ग्रामीणों की चिंता
शिक्षक ने पुलिस को बताया कि शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी, जिसके बाद सहम गए। ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती पर सवाल उठाए हैं। नए थानेदार पर शिथिलता बरतने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में रात्रि गश्त नहीं होने से बदमाशों का मनोबल बढ़ा हुआ है, जिस स्थान पर घटना हुई है, वहां पहले रात में हमेशा पुलिस रहती थी।

ग्रामीणों ने बताया कि शाहपुर मरीचा स्कूल के आसपास पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इधर, मनियारी थानेदार जितेंद्र महतो ने बताया कि सूचना मिली है। आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है।


