नालंदा : बिहार के नालंदा जिले में मलमास मेले में हादसा हो गया है। यहां मेले में लगे झूले से गिरकर एक शख्स जख्मी हो गया और फिर इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए पटना जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई है। मृतक का नाम अमन कुमार बतायाा जा रहा है। इस मामले में झूला संचाालक पर केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मेले में लगे सभी बड़े झूलों का संचालन बंद कर दिया गया है।

राजगीर में मलमास मेले के दौरान अमन सुनामी झूले पर बैठा हुआ था। लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वो झूले से नीचे गिर पड़ा। आननफानन में अमन को पावापुरी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि यह झूला बिना अनुमति के ही संचलित कियाा जा रहा था।

इस हादसे का एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि कैसे युवक इस झूले से नीचे गिर जाता है। जिस वक्त यह झूला संचालित किया जा रहा था उस वक्त वहां काफी शोर भी सुनाई दे रहा है। युवक के झूले से गिरने के बाद वहां अचानक चीख-पुकार मच गया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक को वहां से निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार की देर रात हुए इस हादसे को लेकर कहा जा रहा है कि यह युवक नवादा जिले का ही रहने वाला था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमन अपने परिवार के साथ राजगीर मलमास मेला घूमने के लिए आया था। अमन अपने चचेरे भाई प्रिंस के साथ सुनामी झूले पर सवार हुआ था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रह है कि झूल पर मौजूद अमन की सीट बेल्ट अचानक खुल गई थी और उसे इस बात का पता नहीं चल सका। इसी वजह से वो झूले से सीधे नीचे आ गिरा। बहरहाल इस हादसे ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान जरुर लगा दिए हैं।

रील और सेल्फी बनाने की आशंका
इस घटना के बाद यहां के थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक झूला झूलते समय मोबाइल से सेल्फी या रील बनाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
झूला संचालक पर एफआईआर, सभी बड़े झूलों का संचालन बंद
घटना के बाद मेला प्रशासन ने एहतियातन मेले में लगे सभी बड़े झूलों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। वहीं, राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि पुलिस के बयान के आधार पर झूला संचालक के खिलाफ राजगीर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
