नवादा: बिहार के नवादा में डबल मर्डर की घटना सामने आई है. सोमवार को नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव में आपसी विवाद में जमकर चाकूबाजी हुई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान मो. कासिम (25) और मो. अहमद (18) के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद मौके पर नवादा SP अभिनव धीमान पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली.

एसपी के सामने बिलख पड़े परिजन
पुलिस के पहुंचते ही मृतक की मां एसपी के सामने फूट-फूटकर रो पड़ी. मृतक आसीफ की मां तबसुम परवीन और अहमद की नानी इसरत परवीन ने रोते-बिलखते पुलिस को पूरी घटना बताई. कहा कि उनके निर्दोष बेटे और भांजे की हत्या कर दी गई, लेकिन रसूख के बल पर मामला दबाया नहीं जाना चाहिए. प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

आरोपियों के बंद घर का ताला तोड़ तलाशी
घटना के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. एसपी, एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर दिगंबर कुमार और नरहट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. इस दौरान मुख्य आरोपी इतेखार और इम्तियाज के बंद घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई. कई अहम साक्ष्य जुटाए गए.

पुरानी रंजिश में हुई चाकूबाजी
घटना की जानकारी देते हुए एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि प्रथम दृष्टया विवाद का कारण पुरानी रंजिश है. दिसंबर 2025 में दोनों पक्षों के द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट और छेड़खानी को लेकर केस दर्ज किया गया था. इस मामले में एक अभियुक्त मो. फहीम ने कोर्ट में सरेंडर किया है. इसी के विरोध में इनके परिवार के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की. चाकूबाजी में दो व्यक्तियों की मौत हो गई है. आतिक और आमिर घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपियों का आपराधिक इतिहास: पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पक्ष का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. नरहट थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, छिनतई और धमकी जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं. घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

