अररिया: बिहार के अररिया में सावन की तीसरी सोमवारी पर जल भरने कोसी बराज पहुंचे 28 वर्षीय युवक की रील बनाने की कोशिश दर्दनाक हादसे में बदल गई. रविवार शाम भीमनगर कोसी बराज में रेलिंग के पास वीडियो बनाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से युवक तेज धार में जा गिरा. कुछ ही सेकंड में वह पानी के बहाव में लापता हो गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को पानी में गिरने के बाद बहते हुए देखा जा सकता है.
जल लेने दोस्तों के साथ गया था युवक
लापता युवक की पहचान नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र स्थित अंचरा वार्ड संख्या-7 निवासी अरुण शर्मा के बेटे संजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है. संजीत अपने दोस्तों के साथ सावन की सोमवारी को लेकर जल लेने भीमनगर कोसी बराज गया था.

मोबाइल के कैमरे में कैद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संजीत बराज की रेलिंग के पास खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे बह रही कोसी की तेज धारा में गिर गया. आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण युवक कुछ ही क्षणों में नजरों से ओझल हो गया.
घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही संजीत के परिवार और गांव में मातम पसर गया. परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हुए. स्थानीय स्तर पर भी युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण खोज अभियान में परेशानी सामने आ रही है. फिलहाल युवक की तलाश जारी है.

कांवरियों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद कुछ कांवरियों के प्रशासन से मदद मांगने पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है. कांवरियों ने आरोप लगाया कि मदद करने के बजाय उन्हें वहां से लाठी-डंडे के सहारे हटाया गया. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
क्या कहती है युवक की पत्नी
सभी लोग जल भरने के लिए गए थे. उनके पति वीडियो बनाने के लिए पुल के नीचे उतर गए थे. उन्होंने उसे जाने से मना किया लेकिन वो नहीं माने. घर में उनके पति ही कमाने वाले है, उनकी एक बेटी भी है. पति के लापता होने के बाद सबसे बड़ी चिंता यही है कि अब बेटी का पालन-पोषण और घर का खर्च कैसे चलेगा.

युवक के भाई ने सुनाई आंखों-देखी
हम लोग पूजा-पाठ के लिए यात्रा पर गए थे. उसी दौरान मेरा भाई संजय कुमार शर्मा सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए नीचे चला गया. हम लोगों ने उसे ऊपर आने के लिए कहा. जब वह वापस ऊपर आने लगा तो हमने उसे हाथ देकर ऊपर आने के लिए कहा, इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह नीचे गिर गया. उसे बचाने की पूरी कोशिश की और तुरंत प्रशासन के पास मदद के लिए गए. उस समय तत्काल मदद नहीं मिली.

रील का शौक पड़ा भारी
यह घटना एक बार फिर खतरनाक जगहों पर सोशल मीडिया वीडियो और रील बनाने के दौरान सुरक्षा को नजरअंदाज करने के खतरे को सामने लाती है. कुछ सेकंड का वीडियो बनाने के लिए बरती गई लापरवाही ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
बचाव व्यवस्था को लेकर भी सवाल
घटना के बाद कोसी बराज जैसे संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन की सोमवारी के कारण बराज पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना थी. ऐसे में संवेदनशील स्थानों पर निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी और आपातकालीन बचाव व्यवस्था कितनी प्रभावी थी, इसकी समीक्षा जरूरी है.