आर्थिक अपराध शाखा यानी EOU ने बिहार के एक और भ्रष्ट अधिकारी पर शिकंजा कसा है। ईओयू की टीम ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर रेड डाली है। ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति मामले में यह रेड डाली है। उप निदेशक के पटना और बेगूसराय के तीन ठिकानों पर ईओयू की जांच चल रही है। ईओयू ने 3.44 करोड़ रुपये आय से अधिक संपति का केस दर्ज किया है। यह उनके ज्ञात आय से लगभग 90.04% अधिक है।

पटना के चन्द्रतारा भवन बीभी कॉलेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना-राजीव नगर), बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड मीठापुर, पटना अवस्थित अभियुक्त का कार्यालय कक्ष एवं ग्राम परोरा, पोस्ट-सहना, थाना-साहेबपुर कमाल, जिला-बेगुसराय अवस्थित पैतृक मकान पर तलाशी की जा रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है। कहा जा रहा है कि डिप्टी डायरेक्टर के खिलाफ करीब 3 करोड़ रुपये आय से अधिक जुटाने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ईओयू की इस छापेमारी के दौरान डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह अपने आवास पर ही थे। कहा जा रहा है कि आर्थिक अपराध की टीम ने बेसमेंट और पार्किंग में भी तलाशी ली है। यह भी बताया जा रहा है कि 15 सदस्यीय टीम यह छापेमारी कर रही है। ईओयू की अचानक दी गई इस दबिश से सनसनी फैल गई है।
