मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड क्षेत्र स्थित गयासुद्दीनपुर पूर्वी टोला मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद मिर्जा गालिब को महिला शिक्षिका के साथ कथित तौर पर अमर्यादित, अशोभनीय और हिंसक व्यवहार करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की है। मामले के सामने आने के बाद इलाके के शैक्षणिक माहौल में हलचल है और स्थानीय अभिभावकों में भी नाराजगी बताई जा रही है।

परिचितों को धमकाने का भी आरोप
विभागीय जांच के दौरान यह आरोप भी सामने आया कि आरोपी शिक्षक महिला शिक्षिका के परिचितों और समाज के अन्य लोगों को भी कथित तौर पर लगातार धमका रहे थे। इन आरोपों को भी जांच के दौरान सामने आए तथ्यों में शामिल किया गया।
स्पष्टीकरण का जवाब मिला असंतोषजनक
विभागीय नियमों के तहत 12 अगस्त 2026 को प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद मिर्जा गालिब से पूरे घटनाक्रम को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। विभाग के अनुसार, उनके द्वारा दिया गया जवाब जांच में संतोषजनक नहीं पाया गया और उसे मनगढ़ंत माना गया। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने मामले को शिक्षक आचरण संहिता का गंभीर उल्लंघन मानते हुए मोहम्मद मिर्जा गालिब को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि में मीनापुर कार्यालय रहेगा मुख्यालय
निलंबन की अवधि के दौरान मोहम्मद मिर्जा गालिब का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, मीनापुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। विभागीय कार्रवाई के बाद अब मामले को लेकर आगे की प्रक्रिया नियमों के अनुसार जारी रहेगी।

