मुजफ्फरपुर में एक ही रात आठ घरों में चोरी का खुलासा, बालकों से रेकी कराने वाला सरगना 2 सहयोगियों संग हुआ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: जिले के जजुआर ओपी थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक ही रात आठ घरों में हुई भीषण चोरी की घटना का पुलिस ने सफल पर्दाफाश कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना सोनू कुमार और उसके सहयोगी करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही चोरी में शामिल दो विधि विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया है।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य सरगना सोनू कुमार चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल करता था। वह बच्चों से गांव के बंद और चिन्हित घरों की रेकी करवाता था। सटीक जानकारी मिलने के बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देता था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सरगना सोनू कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जिलों में भी गृहभेदन के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

गौरतलब है कि एक ही रात आठ घरों में हुई चोरी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद जजुआर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी। गठित विशेष टीम, जिसमें जजुआर थानाध्यक्ष रौशन मिश्रा भी शामिल थे, ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 26 अगस्त को सबसे पहले संलिप्त बालकों को चिन्हित कर निरुद्ध किया। उनसे मिली अहम जानकारी और सुराग के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी ईस्ट-1 अलय वत्स ने बताया कि गिरोह का सरगना और उसका साथी पुलिस की गिरफ्त में है तथा भारी मात्रा में चोरी के गहने व सामान बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार सहयोगियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading