पटना के मिलर ग्राउंड में ‘कृष्णोत्सव 2026’ का भव्य आगाज, सीएम सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन

राजधानी पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर ग्राउंड में तीन दिवसीय “कृष्णोत्सव 2026” का भव्य और मंगलमय शुभारंभ हुआ। यूथ अलायंस फॉर सोशल हार्मनी एंड एनवायरनमेंट द्वारा आयोजित इस गरिमामयी समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने आचार्य किशोर कुणाल के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का औपचारिक आगाज डॉ. पंडित बिपिन कुमार मिश्रा के शंखनाद से हुआ, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

अधर्म और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है भगवान श्रीकृष्ण का संदेश: सीएम

अपने उद्घाटन संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उनके उपदेश हर युग में समाज को प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म और अन्याय बढ़ा है, तब-तब भगवान ने श्री राम और श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लेकर धर्म की रक्षा की है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम हैं।

बांसुरी वादन और प्रिंस डांस ग्रुप की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन संध्या के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित श्रद्धालुओं और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कृष्ण भक्त उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन की भावपूर्ण और सुमधुर बांसूरी प्रस्तुति ने पूरे प्रांगण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इसके बाद प्रिंस डांस ग्रुप के कलाकारों द्वारा पेश की गई मनमोहक और ऊर्जावान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. दिलीप जायसवाल, मो. जमा खान, संजय कुमार सिंह, समस्तीपुर सांसद शांभवी, धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल, उनकी माता अनीता कुणाल, विधायक संजीव चौरसिया सहित कई विधान पार्षद और पूर्व विधायक भी मंच पर उपस्थित रहे।

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता का संदेश

“कृष्णोत्सव 2026” के पहले ही दिन मिलर ग्राउंड में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए। आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी महान विरासत से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में शांति, सद्भाव व भाईचारे का संदेश फैलाना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर पटना वासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading