भोजपुर: बिहार के भोजपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर आज रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया. यहां आरा रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 4 बजे 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई. यह ट्रेन आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़ी थी. अपने निर्धारित समय के अनुसार सुबह 4:12 बजे ट्रेन दिल्ली की ओर रवाना होने के लिए प्लेटफार्म से खुली थी.

गलत लाइन पर बढ़ी ट्रेन
ट्रेन खुलने के बाद अचानक बक्सर की बजाय सासाराम की तरफ निकलने लगी. परिचालन के दौरान सिग्नल में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी, जिसके कारण ट्रेन दिल्ली की जगह सासाराम लाइन की ओर चली गई. ट्रेन स्टेशन से कुछ दूरी आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के समीप पहुंची थी. तभी प्लेटफार्म से केवल 200 मीटर आगे जाते ही अप लाइन में ट्रेन अचानक बेपटरी हो गई.

यात्रियों में मचा हड़कंप
हादसे के दौरान बहुत तेज आवाज हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. घटना के वक्त सुबह का समय होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री नींद में सो रहे थे. तेज आवाज के साथ ट्रेन के इंजन, SLR बोगी और एक AC कोच के पहिए पटरी से उतर गए. हालांकि शुरुआती जानकारी के बाद रेलवे का कहना है कि स्लीपर कोच का केवल एक पहिया ही पटरी से उतरा है.
बाधित हुआ रेल परिचालन
महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से मुख्य दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अप लाइन अभी बाधित चल रही है. इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं.

डिरेल बोगियों को किया अलग
घटना के तुरंत बाद पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने डिरेल हुए हिस्सों को अलग करने का काम शुरू किया. इंजन समेत प्रभावित 3 बोगियों को ट्रेन से काट दिया गया. बाकी बोगियों को अलग कर दूसरे इंजन की मदद से आगे के लिए रवाना किया गया.

घटना की छानबीन में जुटे अधिकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार आरा रेलवे स्टेशन पहुंचे. उनके साथ दानापुर रेल मंडल के वरीय रेल इंजीनियरिंग अधिकारी भी पहुंचे हैं, जिन्होंने हादसे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी के अनुसार किसी भी तरह का जान-मान का हानि नहीं हुआ.