दूध समझकर फिनाइल से बना दी चाय… एक घूंट पीते ही बिगड़ी 3 छात्राओं की हालत, आनन-फानन में भागलपुर रेफर

भागलपुर: भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय में सोमवार शाम बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां छात्राओं ने दूध समझकर फिनाइल का इस्तेमाल कर चाय बना ली और उसे पी लिया. चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. हालत गंभीर होने पर तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मायागंज भागलपुर रेफर किया गया है. बीमार छात्राओं की पहचान गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया गांव निवासी सुमित मंडल की पुत्री नैना कुमारी और संजय मंडल की पुत्री मनीषा कुमारी के रूप में हुई है. दोनों छात्राएं कक्षा 10 में पढ़ती हैं. वहीं तीसरी छात्रा इस्माईलपुर प्रखंड के इस्माईलपुर गांव निवासी मुकेश मंडल की पुत्री ब्यूटी कुमारी है, जो कक्षा 9 की छात्रा है. तीनों छात्राएं विद्यालय के आवासीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं.

रसोई में रखा था सफेद रंग का फिनाइल

घटना के संबंध में विद्यालय की वार्डन शीला कुमारी ने बताया कि सोमवार शाम छात्राएं छात्रावास से रसोई घर की ओर गई थीं. रसोई में एक ग्लास में सफेद रंग का तरल पदार्थ रखा हुआ था. छात्राओं ने उसे दूध समझ लिया. इसके बाद उसी तरल पदार्थ का इस्तेमाल कर चाय बना ली.चाय पीने के कुछ ही देर बाद तीनों छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें उल्टी होने लगी और वे असहज महसूस करने लगीं. छात्राओं की हालत बिगड़ती देख विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई. विद्यालय कर्मियों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर भेजा गया

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में डॉक्टरों ने छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया गया. फिलहाल तीनों छात्राएं डॉक्टरों की निगरानी में हैं.घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं के परिजनों को भी सूचना दी गई. अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों का भी बुरा हाल रहा. आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ हुई इस घटना से अन्य अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है.

मामले की जांच के लिए स्कूल पहुंचे एसपी और डीईओ

घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, पुलिस लाइन डीएसपी नगीना पासवान और गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने विद्यालय परिसर, छात्रावास और रसोई घर का निरीक्षण किया और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई.भागलपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार ने भी विद्यालय प्रबंधन से घटना की जानकारी ली और पूरे मामले को लेकर जवाब-तलब किया. प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि रसोई घर में फिनाइल को ग्लास में किसने रखा था और वहां सफेद रंग के इस रसायन को इस तरह रखने की स्थिति कैसे बनी.

ग्लास में फिनाइल रखने को लेकर उठे सवाल

इस घटना के बाद विद्यालय की व्यवस्था और रसोई घर में रसायन रखने के तरीके को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम यह जांच कर रही है कि फिनाइल को सुरक्षित स्थान पर रखने के बजाय ग्लास में क्यों रखा गया था. अधिकारियों की जांच में यदि किसी कर्मचारी या जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने का निर्देश दिया है. पुलिस विद्यालय कर्मियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है. वहीं शिक्षा विभाग की ओर से भी विद्यालय की व्यवस्था की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading