स्कूल में नशे में धुत मिला विद्यालय सहायक, कार्यालय में मदहोश होकर सोने का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर: बिहार में शराबबंदी और सरकारी स्कूलों को हाईटेक बनाने के दावों के बीच शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सरकारी विद्यालय का विद्यालय सहायक कथित तौर पर नशे की हालत में अपने कार्यालय में बेसुध पड़ा दिखाई दे रहा है। मामला कुढ़नी प्रखंड के राजकीयकृत यदुनंदन उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाघी से जुड़ा बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में विद्यालय सहायक सुमन कुमार झा को कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल के कार्यालय में सोते हुए दिखाया गया है। जानकारी के मुताबिक सुमन कुमार झा मूल रूप से सकरा प्रखंड के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी और जुलाई 2022 से वह बाघी स्थित विद्यालय में विद्यालय सहायक के पद पर कार्यरत हैं।

सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो 8 सितंबर का बताया जा रहा है। दावा है कि विद्यालय सहायक को करीब चार महीने का वेतन मिलने के बाद वह स्कूल समय में कुछ देर के लिए बाहर गए और वापस लौटने के बाद कथित तौर पर नशे की हालत में अपने कार्यालय में जाकर सो गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने के दौरान आसपास मौजूद लोगों द्वारा उन्हें आवाज देने और पास जाने के बावजूद वह इतने नशे में बताए जा रहे थे कि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।

स्थिति बिगड़ती देख विद्यालय के शिक्षकों ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद उन्हें अपने साथ घर ले जाया गया। हालांकि विद्यालय सहायक ने शराब का सेवन किया था या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी विद्यालयों में कर्मचारियों की जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी के दौरान कर्मचारी के कथित रूप से नशे में पाए जाने का मामला विभाग के लिए गंभीर चुनौती बन गया है।

मामले को लेकर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा कुमारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में विद्यालय सहायक सुमन कुमार झा पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।अब निगाह शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। सवाल यह है कि वायरल वीडियो के बाद विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष साबित होने पर सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी महज खानापूर्ति के बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading