मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी विवाह भवन में डॉ. बी. मोहन कुमार की ओर से विशाल शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए। इस दौरान डॉ. बी. मोहन कुमार ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।

उन्होंने कहा कि वह चुनाव में सिर्फ पद और प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के उद्देश्य से आए हैं। एमएलसी बनने के 24 घंटे के अंदर तिरहुत के विकास की रूपरेखा तैयार करने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका असर लोगों को धरातल पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य तिरहुत में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करना है।


डॉ. मोहन कुमार ने कहा कि कोरोना काल में उन्होंने कई महीनों तक दिन-रात मरीजों की सेवा की। यह उनके सेवा भाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रतिष्ठा कमाने से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि जब व्यक्ति समाज से विदा हो तो लोग उसे समाजसेवी के रूप में याद करें।उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि जो शिक्षक आज अपने काम के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाते हैं और कथित तौर पर कमीशन देने को मजबूर होते हैं, उन्हें इससे निजात दिलाने की जरूरत है। शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात उन्होंने कही।

स्नातक युवाओं के लिए रोजगार की योजनाएं
डॉ. मोहन कुमार ने कहा कि स्नातक युवाओं के लिए उनके पास कई योजनाएं हैं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने तिरहुत के बहुमुखी विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्नातक छात्रों की कई बड़ी समस्याओं के समाधान में विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वविद्यालय व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और इस दिशा में भी काम किया जाना चाहिए।

शिक्षकों के समर्थन का किया दावा
वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डॉ. मोहन कुमार ने कहा कि वह खुद को इस चुनाव में सबसे आगे देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान एमएलसी को शिक्षकों ने ही चुनकर पद पर बैठाया था, लेकिन आज वही शिक्षक उनके विरोध में मुखर होकर अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने राजद के उम्मीदवार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये देकर टिकट हासिल करने वाले प्रत्याशी चुनाव जीतने के बाद क्या विकास करेंगे, यह जनता अच्छी तरह जानती है। एक अन्य उम्मीदवार का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्ति क्षेत्र का विकास कैसे करेगा। उनके अनुसार, चुनाव जीतने के बाद ऐसे उम्मीदवारों का क्षेत्र में दर्शन भी दुर्लभ हो जाएगा।


कार्यक्रम में डॉ. वीरंजन, दिग्विजय सिंह, अन्नी मेहदेपुर, शिक्षक आबिद हुसैन, पूर्व प्राचार्य राम इकबाल शर्मा, आशुतोष कुमार ललन, उपेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक जगदीश शर्मा, राज्य अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ प्रकाश कुमार, आलोक जी, नीतीश्वर सिंह कॉलेज के प्राचार्य प्रमोद कुमार तथा सेवानिवृत्त प्रोफेसर रणवीर कुमार रंजन सहित कई लोग मौजूद रहे।
