मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ की ज्वाइंट कार्रवाई में वाहन जांच के दौरान हथियार और कारतूस के साथ तीन बदमाशों को पकड़ा गया है। पकड़े गए बदमाशों में एक कुख्यात बदमाश रौशन सिंह भी शामिल है, जिसके ऊपर तीन जिले पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सारण में डकैती, आर्म्स एक्ट, दंगा फैलाने, हत्या के प्रयास के अलावा लूटपाट जैसे मामले दर्ज रहे हैं।
गिरफ्तार रौशन सिंह के ऊपर पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना, सारण जिले के सोनपुर थाना के अलावा मुजफ्फरपुर के बरूराज थाना और साहेबगंज थाने में ये सभी मामले दर्ज रहे हैं। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी है।
वाहन से हथियार और कारतूस बरामद किए गए
दरअसल, सक्रिय पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे पुलिस के विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर के पास एक स्कॉर्पियो पर सवार तीन लोगों को जांच के लिए रोका गया था। इस दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो रोककर जांच की तो वाहन से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पकड़े गए आरोपियों में रौशन सिंह मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी मुकुंद प्रियम काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र और तीसरा श्रीराम कुमार रामपुर हरि थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।