पटना में सिद्धार्थ-तमन्ना ने की मरीन ड्राइव पर गंगा आरती, बिहार की संस्कृति के रंग में रंगा ‘द वन’ का प्रमोशन

पटना : बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने जेपी गंगा पथ यानी पटना मरीन ड्राइव पर गंगा मैया की पूजा-अर्चना की. फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे दोनों कलाकारों ने गंगा आरती में भी हिस्सा लिया. गंगा किनारे बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी और आरती का दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण रहा.

गंगा घाट पर दिखा संस्कृति और सिनेमा का संगम

पटना के गंगा ड्राइव पर जब सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया गंगा आरती में शामिल हुए तो वहां माहौल भक्तिमय हो गया. बिहार की सांस्कृतिक पहचान, गंगा की भव्यता और फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने इस पल को खास बना दिया. पुरोहितों ने दोनों कलाकारों को रक्षा सूत्र बांधा और उन्होंने मां गंगा का आशीर्वाद लिया. इस दौरान प्रशंसकों की भीड़ भी जुटी रही.

छठ को लेकर क्या बोले बॉलीवुड सिद्धार्थ और तमन्ना?

इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी बात की शुरुआत और अंत ‘छठी मैया की जय’ बोलकर किया. उन्होंने कहा कि ‘द वन’ फिल्म को फिल्म पर स्क्रिप्ट के जरिए उतारने की सोच भले ही काल्पनिक हो, लेकिन इसमें बिहार और पूर्वांचल को संस्कृति को ध्यान में रखकर बनाया गया है.

वहीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने लोगों को संबोधित करते हुए सबसे पहले पूछा ‘का हाल बा पटना’. उन्होंने कहा कि ”अब तो मुझे छठ पूजा पर बिहार आना ही पड़ेगा.” क्योंकि उनका अब बिहार से गहरा नाता जुड़ गया है. तमन्ना ने बताया कि फिल्म में छठ के सीन के दौरान उन्होंने सभी मान्यताओं और गरिमा का पूरा ध्यान रखने की कोशिश की.

फिल्म प्रमोशन के लिए पटना पहुंची टीम

सिद्धार्थ और तमन्ना के साथ फिल्म निर्माता एकता कपूर भी पटना पहुंचीं. फिल्म की टीम अपनी आगामी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के प्रमोशन के सिलसिले में बिहार आई थी. पटना पहुंचने के बाद टीम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान बिहार की लोककथाओं, संस्कृति और फिल्म की कहानी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई.

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान फिल्म की कहानी में बिहार की लोकपरंपराओं और वन देवी से जुड़े प्रसंगों को लेकर भी बातचीत हुई. फिल्म की कहानी बिहार की लोककथा और प्रकृति से जुड़े संदर्भों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है. यही वजह है कि फिल्म के प्रमोशन के दौरान टीम ने बिहार की संस्कृति से सीधे जुड़ने की कोशिश की.

महावीर मंदिर पहुंचे सिद्धार्थ और तमन्ना

गंगा आरती से पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की. दोनों ने मंदिर में आशीर्वाद लिया. कलाकारों के मंदिर पहुंचने की खबर के बाद वहां प्रशंसकों की भीड़ भी दिखाई दी. फिल्म प्रमोशन के बीच धार्मिक स्थलों पर दोनों की मौजूदगी चर्चा का हिस्सा बनी.

वन देवी मंदिर में एकता कपूर ने की पूजा

फिल्म निर्माता एकता कपूर ने बिहटा स्थित वन देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की. फिल्म की कहानी में वन देवी से जुड़ी लोककथा को अहम स्थान दिए जाने की बात कही जा रही है. ऐसे में वन देवी मंदिर में एकता कपूर की पूजा को फिल्म की कहानी और बिहार की लोकपरंपरा से जोड़कर देखा गया.

छठ की परंपरा को भी फिल्म में जगह

पटना दौरे के दौरान तमन्ना भाटिया ने बिहार और छठ पूजा से जुड़े अनुभवों का भी जिक्र किया. फिल्म की एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने कहा कि- ”फिल्म में छठ पूजा की परंपरा, नियम और मर्यादा को गंभीरता के साथ दिखाने की कोशिश की गई है. फिल्म में बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है.”

छात्रों के बीच पहुंचे सिद्धार्थ और तमन्ना

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया ने पटना के सिमेज कॉलेज में छात्रों से भी मुलाकात की. दोनों कलाकारों ने विद्यार्थियों के साथ फिल्म और अपने अनुभव साझा किए. इस दौरान फिल्म के गाने ‘समझो ना’ पर दोनों के डांस करने की जानकारी सामने आई. कार्यक्रम में फिल्म के छठ गीत को दोनों कलाकारों ने जमीन पर घुटनों के बल बैठकर सुना.

सिद्धार्थ ने चखा लिट्टी-चोखा

पटना दौरे के दौरान सिद्धार्थ ने बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा का भी स्वाद लिया. फिल्म प्रमोशन के बीच बिहार के खान-पान और स्थानीय संस्कृति से जुड़ने का यह अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा में रहा.

25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं. दीपक मिश्रा फिल्म के निर्देशक हैं. मनीष पॉल, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

बिहार की लोककथा पर आधारित कहानी

फिल्म की कहानी में बिहार की लोककथा, प्रकृति, वन देवी और छठ जैसे सांस्कृतिक पहलुओं को प्रमुखता दिए जाने की बात कही गई है. ऐसे में रिलीज से पहले पटना पहुंची फिल्म की टीम ने प्रमोशन को सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय शहर के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों से भी जोड़ा. गंगा आरती से लेकर मंदिरों में पूजा और छात्रों से संवाद तक, पटना दौरे में फिल्म की कहानी के बिहार कनेक्शन को सामने रखा गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading