मुजफ्फरपुर: अपने शहर से निकलकर जरूरतमंदों की मदद के लिए सीमापार नेपाल तक पहुंची उम्मीद फाउंडेशन ट्रस्ट की टीम त्रिशूली नदी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के बीच राहत एवं सेवा कार्य में जुटी हुई है। टीम के अनुसार, राहत कार्य के लिए उचित स्थान तलाशने, स्थानीय लोगों से समन्वय करने और वहां की परिस्थितियों को समझने में कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन सेवा के संकल्प के साथ टीम लगातार आगे बढ़ती रही।



उम्मीद फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में उपाध्यक्ष प्रतीक कुमार, संगठन मंत्री सलीम हुसैन, सलाहकार फैजान सिद्दीकी, मीडिया प्रभारी सन्नी कुमार और कुक प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सहित पूरी टीम नेपाल में सेवा कार्य कर रही है।


फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि टीम का उद्देश्य आपदा प्रभावित क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों तक यथासंभव राहत और सहयोग पहुंचाना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर समन्वय करते हुए राहत कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। टीम द्वारा सेवा कार्य से जुड़े वीडियो और अन्य जानकारी भी साझा की जाएगी।



अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने मुजफ्फरपुर के मीडिया प्रतिनिधियों से इस मानवीय सेवा अभियान को अपने-अपने माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सेवा कार्य की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंच सकती है और राहत अभियान से जुड़े लोगों का उत्साह भी बढ़ेगा।

मुजफ्फरपुर से नेपाल तक पहुंचा यह सेवा अभियान ‘सेवा, शिक्षा और संस्कार’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। प्राकृतिक आपदा के बीच जरूरतमंदों की सहायता के लिए शहर की एक संस्था का सीमापार पहुंचकर सेवा कार्य में जुटना मुजफ्फरपुर के लिए भी एक मानवीय पहल के रूप में सामने आया है।
