एमएलसी चुनाव में NDA में बढ़ा तकरार, सारण शिक्षक सीट पर उपेंद्र कुशवाहा ने ठोकी दावेदारी! ये होंगे उम्मीदवार

सारण: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में अब एनडीए के घटक दलों की ओर से भी अलग-अलग सीटों पर दावेदारी सामने आने लगी है। विशेषकर एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान वाली स्थिति भी देखी जा रही है। इसमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) समर्थित उम्मीदवार और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा ने चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की है।

राम पुकार सिन्हा ने कहा है कि वह 5 अक्टूबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके मुताबिक उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह का पूरा समर्थन प्राप्त है। RLM की ओर से सारण शिक्षक सीट पर दावेदारी ऐसे समय में सामने आई है, जब एनडीए में सीटों को लेकर औपचारिक तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। एक दिन पहले उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे और मंत्री दीपक प्रकाश भी एमएलसी चुनाव में एक सीट उनकी पार्टी को दिए जाने को लेकर दावा किये थे।

RLM के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह पहले ही कह चुके हैं कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे। अब पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा ने स्वयं चुनाव लड़ने की घोषणा कर इस दावे को आगे बढ़ाया है। राम पुकार सिन्हा ने कहा कि उन्हें संगठन के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन हासिल है और वह 5 अक्टूबर को नामांकन करेंगे। वह चुनाव को लेकर क्षेत्र में लगातार संपर्क अभियान भी चला रहे हैं। इस दौरान वह शिक्षकों से मुलाकात कर अपनी दावेदारी और चुनावी रणनीति को लेकर संवाद कर रहे हैं।

8 सीटों पर विधान परिषद चुनाव

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होना है। चुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर तय की गई है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

इन 8 सीटों पर होगा चुनाव

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक की सीटों पर चुनाव होना है। वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक के सीटें शामिल हैं। इन आठ सीटों पर चुनाव की घोषणा के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सारण सीट पर बढ़ेगा मुकाबला

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले ही कई दलों और उम्मीदवारों की सक्रियता सामने आ चुकी है। जन सुराज ने इस सीट से आफाक अहमद को उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में RLM समर्थित राम पुकार सिन्हा की दावेदारी के बाद सारण शिक्षक सीट का मुकाबला और बहुकोणीय होने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि एनडीए के भीतर इस सीट पर अंतिम रूप से किसे समर्थन मिलेगा, इसकी तस्वीर आगे की राजनीतिक बातचीत और आधिकारिक घोषणाओं के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल राम पुकार सिन्हा ने नामांकन की तारीख घोषित कर दी है और क्षेत्र में शिक्षकों के बीच अपना संपर्क अभियान जारी रखा है। 5 अक्टूबर को नामांकन के बाद उनकी औपचारिक चुनावी दावेदारी सामने आ जाएगी।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading