दरभंगा : दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मातृ एवं शिशु अस्पताल के वार्ड में देर रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण इलेक्ट्रिक पैनल में आग लग गई। आग लगते ही वार्ड में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की जानकारी मिलते ही कई सर्जरी करा चुके मरीजों को परिजन अपने दम पर इधर-उधर ले जाते नजर आए। रात का समय होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि वे कहां जाएं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।





