पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की ‘जीत का जश्न’ मनाने लगे समर्थक, नतीजों से पहले आतिशबाजी

पटना : बिहार में 8 सीटों पर हुए MLC चुनाव के मतगणना परिणाम से पहले ही मोकामा में पटना निर्वाचन क्षेत्र से स्नातक प्रत्याशी जदयू के नीरज कुमार के समर्थकों ने सुबह से पटाखा फोड़कर जश्न मनाना शुरू कर दिया है. उनके समर्थक और जदयू विधायक अनंत सिंह विरोधी सूरजभान सिंह के समर्थक पटाका फोड़ रहे हैं, हालांकि परिणाम आने में दोपहर तक का समय लग सकता है.

 

अनंत सिंह के गढ़ में नीरज की संभावित जीत का जश्न

राजनीति की हॉट सीट माने जाने वाले मोकामा क्षेत्र में चुनावी गहमागहमी और परिणामों की सुगबुगाहट के बीच जश्न का दौर शुरू हो चुका है. राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और इसी क्रम में मोकामा के बाहुबली और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के आवास के समीप का नजारा देखते ही बनता है.

सुबह से ही हो रही आतिशबाजी

सुबह तड़के से ही सूरजभान सिंह के घर के बाहर और आसपास के इलाकों में नीरज कुमार की आगामी और संभावित जीत की खुशी में लगातार आतिशबाजी हो रही है. समर्थकों का उत्साह इस बात की गवाही दे रहा है कि वे इस परिणाम को लेकर पूरी तरह आश्वस्त और उत्साहित हैं.

पटाखों की गूंज से वर्चस्व की धमक!

सुबह होते ही आसमान पटाखों की गड़गड़ाहट और रोशनी से गूंज उठा. सूरजभान सिंह के आवास पर जुटने वाले समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ हैय ढोल-नगाड़ों की थाप और एक-दूसरे को मिठाई खिलाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है.

शक्तिप्रदर्शन में जुटे नीरज समर्थक

समर्थकों का यह जोश इस बात का प्रतीक है कि मोकामा की राजनीतिक जमीन पर उनका प्रभाव और वर्चस्व किस स्तर पर कायम है. आतिशबाजी की गूंज सिर्फ एक जश्न नहीं, बल्कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और आगामी परिणामों के प्रति उनके पूर्ण विश्वास को भी दर्शाती है.

फाइनल नतीजों पर टिकी नजरें

स्थानीय स्तर पर इस जश्न को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़भाड़ पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं. हालांकि, समर्थकों के भारी उत्साह के आगे तमाम औपचारिकताएं पीछे छूटती नजर आ रही हैं. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे सूरजभान सिंह के आवास के पास लोगों के जुटने का सिलसिला और तेज होता जा रहा है.

नीरज कुमार ने बनाई हुई है बढ़त

मोकामा की इस राजनीतिक हलचल ने एक बार फिर पूरे इलाके का सियासी पारा हाई कर दिया है. सबकी निगाहें अब आधिकारिक और अंतिम परिणामों पर टिकी हुई हैं. फिलहाल प्रथम वरीयता के आधार पर नीरज कुमार ने 2200 से ज्यादा मतों से बढ़त बनाई हुई है. अब दूसरी वरीयता की काउंटिंग चल रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.