पटना स्नातक सीट से NDA उम्मीदवार नीरज कुमार की शानदार जीत, जन सुराज को तगड़ा झटका

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट का परिणाम लगभग आ चुका है. जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार की जीत हो गई है. हालांकि आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है. इस सीट से आरजेडी प्रत्याशी दिलीप कुमार और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह हार गए हैं. जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं. क्योंकि अनंत सिंह ने पार्टी के खिलाफ जाकर अनुज सिंह के पक्ष में जमकर प्रचार किया था.

नीरज कुमार की जीत

पटना स्नातक सीट पर मुकाबला कांटे का रहा. चौथे स्थान पर कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान रहे. वहीं जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर अनुज सिंह तीसरे नंबर पर रहे. वहीं आरजेडी के प्रत्याशी दिलीप कुमार दूसरे स्थान पर रहे. नीरज कुमार की जीत कोटा सिस्टम (कुल मतदान/2+1) के आधार पर हुई है.

नीरज ने क्या कहा?

नीरज कुमार के आवास पर सुबह से ही जश्न का माहौल है. उनको बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. इस दौरान नीरज कुमार ने कहा कि जनबल और कार्यकर्ता बल के आगे धनबल और बाहुबल हार गया. साथ ही उन्होंने अनंत सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि ‘का रै गुंजन कहां है मिठइयां.

अनंत सिंह ने क्या कहा?

वहीं मोकामा विधायक अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम पर कहा कि जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह हार गए हैं, गिनती खत्म हो चुकी है. उन्हें दुकान से लाए थे, जिसे जनता ने वोट दिया है वो जीता है, जिसे नहीं दिया वह हारा है.

नीरज कुमार का राजनीतिक सफर

नीरज कुमार की राजनीतिक सफर की बात करें तो उन्होंने साल 2002 में एमएलसी का चुनाव लड़ा था, लेकिन करारी हार मिली थी. इस दौर में बिहार में समता पार्टी हुआ करती थी. सूरजभान सिंह ने नीतीश कुमार से कहकर उन्हें टिकट दिलाया था. 2008 में नीरज कुमार को अनंत सिंह का सपोर्ट मिला था.

इस दौरान पहली बार नीरज बिहार विधान परिषद सदस्य बने. वहीं 2014 में वह दूसरी बार परिषद के सदस्य बने. 2020 में भी नीरज कुमार ने जेडीयू की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते. अब 2026 में वह चौथी बार जीत का सेहरा पहन चुके हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.