पटना : पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ संजीव कुमार के चुनाव जीतने के बाद आरजेडी गदगद है. तेजस्वी यादव ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आज तक ग्रेजुएट और टीचर का चुनाव नहीं जीती थी, लेकिन खुशी की बात है कि उनकी पार्टी एक सीट पर कब्जा जमाने में कामयाब रही. इस दौरान तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर भी हमला किया.

तेजस्वी यादव की झोली में एक एमएलसी सीट
तेजस्वी यादव ने वोट देने वाले अपने समर्थकों का आभार भी जताया और राज्यसरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं. विश्वविद्यालयों और कॉलेज में पढ़ाई लिखाई नहीं हो रही है. जिन लोगों ने आरजेडी के पक्ष में अपना बहुमूल्य मत दिया उन्हें हम दिल से धन्यवाद देते हैं.


आधी रात को तेजस्वी यादव ने दर्ज किया विरोध
इस जीत से तेजस्वी यादव काफी खुश हैं. हांलाकि इस सीट पर जीत की घोषणा से पहले रातभर हंगामा चला. आधी रात को ही तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर चुनाव आयोग पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया लेकिन सुबह आते-आते तक डॉ संजीव कुमार की जीत घोषित हो चुकी थी. उन्हें चुनाव आयोग की तरफ से जीत का सर्टिफिकेट भी मिल चुका है.

