मधुबनी : बिहार में स्पेशल ट्रेन को डिरेल करने की साजिश को लोको पायलट की सतर्कता से नाकाम कर दिया गया. ट्रेन के लोको पायलट ने सूझबूझ से फैसला न लिया होता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था. दरअसल, झंझारपुर लौकहा रेलखंड पर आनंद विहार की ओर जा रही स्पेशल ट्रेन के रेल ट्रैक पर बैंच का भारी कंक्रीट स्लैब रखा गया था. इससे ट्रेन डिरेल तक हो सकती थी.

मधुबनी में ट्रेन को पलटाने की साजिश नाकाम
तभी लोको पायलट की नजर ट्रैक पर रखे उसे कंक्रीट के विशाल स्लैब पर पड़ी. उन्होंने स्पीड में चल रही ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया. मामला गंभीर है इसलिए लोको पायलट ने जीआरपी को इसकी सूचना दी. मामला मधुबनी जिले के महरैल स्टेशन के पास की है.

मौके पर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के समस्तीपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश कुमार, जीआरपी थानाध्यक्ष किंग कुंदन और आरपीएफ इंस्पेक्टर पुखराज मीना के नेतृत्व में टीम महरैल स्टेशन पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की.
एक युवक और एक नाबालिग गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल ने एक युवक और एक नाबालिग को पकड़ा है. दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए रुद्रपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है. ट्रेन संख्या 04013 लौकहा-आनंद विहार स्पेशल महरैल स्टेशन की लाइन नंबर एक से गुजर रही थी. इस स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव निर्धारित नहीं है.

आरोपियों की सुरक्षा बलों ने की पहचान
फुट ओवरब्रिज के पास लोको पायलट उपेंद्र भंडारी ने रेलवे ट्रैक पर कंक्रीट का स्लैब रखा देखा और खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया. ट्रेन को रोक हर हाल में कंक्रीट स्लैब तक रोक लिया गया. पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध युवक की पहचान की. झंझारपुर आरपीएफ प्रभारी अरविंद कुमार, आरक्षी हरि नारायण चौधरी और अजय कुमार मीना को मुखबिर से एक संदिग्ध युवक के स्टेशन पर घूमने की सूचना मिली.

दोनों ने रेल ट्रैक पर कंक्रीट स्लैब रखना कबूला
संदेह पुख्ता होने पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर दूसरे युवक को भी पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान महरैल वार्ड-2 निवासी मो. हजरत और एक नाबालिग के रूप में हुई है. आरपीएफ के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने ट्रैक पर स्लैब रखने की बात स्वीकार की है. हालांकि, मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है.
