सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पोक्सो अधिनियम 2012 अधिनियम के बारे में बच्चों को किया गया जागरूक

मुजफ्फरपुर: बच्चों को यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर अपराध से बचाने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देश पर 26 से 31 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के तीसरे दिन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष सुश्री श्वेता कुमारी सिंह ने चक्कर मैदान स्थित प्रभात तारा स्कूल में बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से डरने के बजाय सजग रहने और किसी भी तरह के शोषण के खिलाफ़ आवाज उठाने की अपील की।

मुजफ्फरपुर जिले के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 28 अक्टूबर को प्रभात तारा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने बच्चों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण में रहने के साथ शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकार, साइबर अपराध और नशे की लत से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को विशेष रूप से ऑनलाइन यौन उत्पीड़न और सोशल मीडिया के खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। न्यायाधीश ने कहा कि बच्चे अपनी निजी जानकारी, फोटो और वीडियो अनजान लोगों के साथ साझा न करें, क्योंकि इनका दुरुपयोग हो सकता है।

किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में अभिभावकों, शिक्षकों, संबंधित अधिकारियों अथवा विधिक सहायता संस्थाओं को तुरंत जानकारी दें। उन्होंने कहा कि कानून और अपने अधिकारों की जानकारी होने से बच्चे अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गलत प्रलोभनों से बचाना और उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी देना है।

इस अभियान के तहत न्यायिक पदाधिकारी, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति, पॉक्सो कोर्ट, किशोर न्याय परिषद के पीठासीन पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता और विषय विशेषज्ञ विभिन्न विद्यालयों में बच्चों को जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता श्वेता ठाकुर, काजी मोहम्मदपुर थाना के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी और समाजसेवी बच्चा भगवान पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.