बिहार में ASI ने घर में घुसकर की अं’धाधुंध फा’यरिंग, एक की मौ’त, 3 लोगों को लगी गो’ली

मधुबनी: बिहार के मधुबनी में खाकी को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. देर रात गलत नीयत से एक घर में घुसे एएसआई ने पकड़े जाने के डर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस वारदात में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

मधुबनी एएसआई फायरिंग में एक की मौत

इस फायरिंग की घटना में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान अशोक यादव के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि अशोक यादव को सीने और जांघ में गोली लगी थी, जिसके कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इसके अलावा एक महिला फूलो देवी को पेट में गोली लगी है, जिनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है. वहीं विजेंद्र यादव को कमरे में और धनिक लाल यादव को पैर में गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है.

बलिराजगढ़ में आधी रात का हंगामा

यह पूरी घटना जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की सोमवार आधी रात की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बलिराजगढ़ निवासी विजयी यादव की पत्नी अपने मायके गई हुई थी. घर में उनकी बेटी और पड़ोस में रहने वाले अशोक यादव की बेटी दोनों साथ में सो रही थीं. इसी दौरान बलिराजगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक एएसआई गलत इरादे से चुपके से उस घर के भीतर घुस गया.

महिला ने दिखाई हिम्मत

एएसआई के घर में घुसते ही पड़ोस की एक महिला को इसकी भनक लग गई. उसने तुरंत साहस दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. महिला की आवाज सुनकर घर के बाहर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. बाहर लोगों की भीड़ देखकर और खुद को चारों तरफ से घिरा पाकर आरोपी एएसआई बुरी तरह बौखला गया.

खिड़की से चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

भीड़ के डर से आरोपी एएसआई ने अपनी सरकारी राइफल निकाली और खिड़की से बाहर मौजूद लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिपाही द्वारा करीब 5 से 6 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं. खिड़की से सीधे चलाई गई इन गोलियों की चपेट में आने से बाहर खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग गोली लगने से लहूलुहान हो गए.

अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एएसआई रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से आसानी से फरार हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने अशोक यादव को देखते ही मृत घोषित कर दिया. इसके साथ ही अन्य जख्मियों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

मौके पर पहुंची पुलिस, एसपी कर रहे कैंप

इधर, इस खूनी वारदात की जानकारी मिलने के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मधुबनी के एसपी खुद देर रात से ही बाबूबरही थाना में कैंप कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी एएसआई को गिरफ्तार करने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.