मुजफ्फरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में मुशहरी प्रखंड अंतर्गत बखरी पंचायत के वार्ड नंबर-5 स्थित टरमा माई स्थान के समीप छठ घाटों का अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव ने निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान घाटों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस अवसर पर एसडीओ पूर्वी ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत करते हुए छठ पूजा के दौरान प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने पर्व के अवसर पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में प्रशासन और ग्रामीणों के आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

प्रशासन की इस सक्रिय पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह और विश्वास का माहौल है। जनसहयोग और प्रशासनिक तत्परता के साथ छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में प्रयास जारी हैं।


