बिहार शिक्षक बहाली में टूटा रिकॉर्ड, एक पद पर 30 दावेदार, जानें किस क्लास में कितनी भर्ती

पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया यानी TRE-4.0 को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में 33,320 शिक्षक पदों के लिए करीब 9.95 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 को समाप्त हो गई. आवेदनों की इस बड़ी संख्या के साथ ही शिक्षक भर्ती में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है.

चार श्रेणियों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति

TRE-4 के तहत राज्य के सरकारी विद्यालयों में प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. कुल 33,320 पदों में कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 शिक्षकों की बहाली होगी. वहीं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों में 8,563 पद निर्धारित किए गए हैं. माध्यमिक यानी कक्षा 9 और 10 के लिए 4,370 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. सबसे अधिक पद उच्च माध्यमिक स्तर पर रखे गए हैं. कक्षा 11 और 12 के लिए कुल 16,540 शिक्षकों की बहाली होगी.

माध्यमिक और उच्च माध्यमिक में बढ़े पद

इस भर्ती प्रक्रिया में रिक्तियों की संख्या में संशोधन भी किया गया है. शुरुआत में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की योजना थी, लेकिन बाद में 932 पद बढ़ाए गए. इसके बाद कुल रिक्तियों की संख्या 33,320 हो गई. माध्यमिक स्तर पर पहले 3,877 पद थे, जिनमें 493 पदों की वृद्धि की गई. इसके बाद इनकी संख्या बढ़कर 4,370 हो गई. इसी तरह उच्च माध्यमिक स्तर पर पहले 16,101 पद निर्धारित थे. इनमें 439 पद बढ़ाए जाने के बाद कुल रिक्तियां 16,540 हो गईं.

दो नवंबर तक मिला था शुल्क जमा करने का समय

बीपीएससी ने TRE-4 के लिए विज्ञापन संख्या 15/2026 जारी किया था. इसके तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू हुई थी. पहले आवेदन की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 3 नवंबर कर दिया गया. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए 2 नवंबर तक का समय दिया गया था. आवेदन की समयसीमा समाप्त होने के साथ ही अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा कार्यक्रम और आगे की चयन प्रक्रिया पर है.

एक पद पर करीब तीस दावेदार

33,320 पदों के मुकाबले करीब 9.95 लाख आवेदन आने से भर्ती में प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है. औसतन एक पद के लिए लगभग 30 अभ्यर्थियों ने दावेदारी पेश की है. हालांकि अलग-अलग विषयों और विद्यालय स्तरों पर आवेदकों की संख्या के अनुसार प्रतिस्पर्धा का अनुपात अलग हो सकता है. अब अभ्यर्थियों को बीपीएससी की ओर से परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जारी होने का इंतजार है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.