MLC चुनाव ने बढ़ाई NDA में दूरी ! अब नीतीश से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, BJP-JDU में अंदरखाने की बड़ी खबर

बिहार में एनडीए के भीतर सबकुछ सामान्य है या सहयोगी दलों के बीच कुछ मुद्दों पर असहमति बढ़ रही है? पिछले महीने हुए विधान परिषद चुनाव के बाद यह सवाल लगातार चर्चा में है। खासकर जदयू और भाजपा के बीच बेहतर समन्वय को लेकर उठे सवालों के बीच बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवारों बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज ने जीत हासिल की थी। दोनों ने जदयू के उम्मीदवारों को हराया था। चुनाव परिणाम आने के बाद जदयू की ओर से एनडीए के भीतर बेहतर समन्वय नहीं होने को अपने उम्मीदवारों की हार की एक वजह बताया गया था। इससे गठबंधन के अंदर आपसी तालमेल को लेकर सवाल उठने लगे थे।

जदयू-भाजपा में विवाद ! 

विवाद तब और चर्चा में आ गया, जब निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज ने भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। दोनों की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जदयू की ओर से भी दोनों निर्दलीय एमएलसी को भाजपा का समर्थन मिलने पर आपत्ति जताई गई थी। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम को जदयू और भाजपा के बीच राजनीतिक समन्वय के सवाल से जोड़कर देखा जाने लगा।

इसी सियासी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को दिल्ली से पटना लौटने के बाद सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। इसे एनडीए के भीतर आपसी समन्वय बेहतर करने की पहल के तौर पर भी देखा जा रहा है।

नीतीश को दिल्ली में हुए समझौतों की जानकारी दी

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री का संदेश दिया और उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, गंगा को लेकर नीतीश कुमार ने गाद प्रबन्धन पर जो अभियान शुरू किया था, उसे लेकर दिल्ली में बड़ा समझौता हुआ है। उन्होंने दिल्ली में बिहार से जुड़े विभिन्न समझौतों और केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों को दिए गए प्रस्तावों की जानकारी भी नीतीश कुमार को दी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन स्थापित किया और संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में काम किया। उनकी सरकार भी सुशासन की इस व्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने मुलाकात में एमएलसी चुनाव के बाद एनडीए के भीतर उठे समन्वय के सवालों पर चर्चा हुई या नहीं, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.