मुजफ्फरपुर: गन्नीपुर स्थित बंगाली कॉलोनी के श्री श्री श्यामा काली मंदिर में मां काली की वार्षिक पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। वर्ष 1961 से चली आ रही इस परंपरा में इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ मां की आराधना की गई।


मंगलवार को पूजा के अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां का खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन का सबसे खास दृश्य तब देखने को मिला, जब अमीर-गरीब, छोटे-बड़े का भेद मिटाकर सभी श्रद्धालु एक ही पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण करते नजर आए।



खिचड़ी, सब्जी, खीर और मिठाइयों से सजे महाप्रसाद को श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आनंद के साथ ग्रहण किया। एक साथ पंक्ति में बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की यह परंपरा सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल बनी। मां के दरबार में सभी भक्त एक समान नजर आए।


पूजा के दौरान बंगाल से पहुंचे पारंपरिक ढाकियों की थाप ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, धुनुची आरती में बंगाली महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक अंदाज में भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। ढाक की गूंज और धुनुची से उठते सुगंधित धुएं ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय कर दिया।


प्रधान पुरोहित भरत चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना और मध्यरात्रि की विशेष निशा पूजा संपन्न कराई गई। आयोजन को सफल बनाने में बंगाली कॉलोनी के युवाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंदिर की सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं तक युवाओं ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

श्री श्री श्यामा काली मंदिर की यह वार्षिक पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छह दशक से अधिक पुरानी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। एक पंक्ति में बैठकर मां का प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा ने एक बार फिर संदेश दिया कि मां के दरबार में सभी समान हैं।
