मुजफ्फरपुर: आस्था, सेवा और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए वार्ड संख्या 46 के वार्ड पार्षद सैफ अली एक बार फिर छठ महापर्व की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटे हैं। खास बात यह है कि मुस्लिम समुदाय से आने के बावजूद सैफ अली हर धर्म और हर समुदाय के पर्व-त्योहारों में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हैं। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधि का धर्म सबसे पहले जनता की सेवा और इंसानियत होना चाहिए। यही सोच उनके कार्यों में भी दिखाई देती है।

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर वार्ड संख्या 46 में इस बार भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। संस्कृत कॉलेज परिसर सहित वार्ड के अलग-अलग मोहल्लों में जरूरत के अनुसार छठ घाटों का निर्माण कराया गया है।


घाटों की साफ-सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर वार्ड पार्षद खुद मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। नगर निगम की टीम भी उनके साथ लगातार काम में जुटी हुई है, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


सैफ अली की पहल केवल घाटों की व्यवस्था तक सीमित नहीं है। वे प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच साड़ी एवं पूजा सामग्री का वितरण भी करते हैं। उनके अनुसार, वर्ष 2019 से लगातार यह परंपरा जारी है। ईद सहित अन्य त्योहारों के अवसर पर भी जरूरतमंद लोगों के बीच सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। उनका स्पष्ट संदेश है कि जरूरतमंद की मदद करते समय उसका धर्म या समुदाय नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है।

स्थानीय लोगों ने भी की कार्यों की सराहना
वार्ड पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए स्थानीय निवासी मदन मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र बने हुए करीब 30 साल होने जा रहे हैं, लेकिन सैफ अली द्वारा जिस तरह से लगातार साफ-सफाई, छठ घाटों की व्यवस्था और निर्धन परिवारों के बीच राशन एवं वस्त्र वितरण का कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि पार्षद बनने से पहले भी सैफ अली सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे और जनप्रतिनिधि बनने के बाद उन्हें इन कार्यों को और बेहतर ढंग से करने की ताकत मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि सैफ अली ने कभी हिंदू-मुस्लिम की भावना को अपने कार्यों के बीच नहीं आने दिया। हिंदू पर्वों पर शुभकामनाएं देना, लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और समाधान का प्रयास करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

वहीं, रिटायर प्रिंसिपल महाशंकर प्रसाद ने भी वार्ड पार्षद और नगर निगम की तैयारियों पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि संस्कृत कॉलेज परिसर में छठ घाट की तैयारी बेहतर ढंग से चल रही है। वार्ड पार्षद खुद उपस्थित रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की एक कॉल पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने वार्ड पार्षद और नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया। हालांकि उन्होंने पानी की संभावित समस्या का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी व्यवस्था को लेकर प्रयास किया जाएगा।

जनप्रतिनिधि की असली पहचान सेवा और संवेदनशीलता
सैफ अली की कार्यशैली यह संदेश देती है कि सामाजिक सौहार्द केवल भाषणों और नारों से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होने और जरूरत के समय मदद का हाथ बढ़ाने से मजबूत होता है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में हर समुदाय के लोगों के बीच पहुंचना, उनके त्योहारों में सहभागी बनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहना निश्चित रूप से सकारात्मक पहल है।
वार्ड संख्या 46 में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाएं यह बताती हैं कि विकास के साथ-साथ आपसी भाईचारा और मानवीय संवेदनशीलता भी किसी जनप्रतिनिधि की बड़ी पहचान होती है। सैफ अली का प्रयास समाज को यही प्रेरणा देता है कि धर्म और मजहब से ऊपर उठकर इंसानियत, सेवा और भाईचारे को प्राथमिकता दी जाए।