
MUZAFFARPUR/PATNA : पटना के फुलवारी शरीफ स्थित बीएमपी पांच के मिथिलेश स्टेडियम में आज बिहार पुलिस के मुखिया डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे द्वारा मुजफ्फरपुर की बहुतचर्चित मुथूट फाइनेंस से 10 करोड़ के सोना लूटकांड मामले में मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को उनके बेहतर प्रदर्शन और उपलब्धि पर सम्मानित किया गया.

इस दौरान मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार समेत मुथुट फायनेंस का लुटा सोना बरामद करने में शामिल पुलिस टीम को डीजीपी द्वारा सम्मानित करते हुये उन्हें प्रशस्ति पत्र भी दिया गया. विदित हो की इस महालूट के बाद डीजीपी समेत मुख्यालय के तमाम आलाधिकारी मॉनिटरिंग करते हुए पल-पल की जानकारी ले रहे थे.

एसएसपी ने नेतृत्व में सी सी टीवी फुटेज के आधार पर सर्विलांस की मदद से बेहतर पुलिसिंग और ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए पुलिस टीम ने 72 घंटों के अंदर लूट का लगभग 18.5 किलो सोना की बरामदगी करते हुए 3 शातिर लुटेरों को धर दबोचा था. सोना लूटकांड के उद्भेदन उपरांत डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही थी, जिस सम्बन्ध में अपराध अनुसंधान विभाग ने मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मंगलवार 26 फरवरी को पटना के बीएमपी पांच के मिथिलेश स्टेडियम में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को उपस्थित रहने की बात कही थी.

मौके पर डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने कहा कि जैसा की मैंने पूर्व में ही कहा था कि अच्छा और बेहतर कार्य करने वाले पुरस्कृत होंगे और कार्य में कोताही बरतने वाले को दण्डित करने में कतई देरी नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार के नेतृत्व में शानदार काम हुआ है. सबको बधाई देता हूँ. मैं बिहार पुलिस के सभी सिपाही, हवलदार और पंक्ति के सभी पदाधिकारियों से बिहार का अप्रच रूपी कीचड़ साफ़ करने की अपील करता हूँ. डीजीपी श्री पाण्डेय ने कहा कि सराहनीय कार्य करने वाले चाहे वो एक सिपाही ही क्यों न हो उन्हें पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देते हुए सम्मानित करूँगा. समस्त बिहार के पुलिसकर्मियों के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस टीम के कार्य को अनुकरणीय बताते हुते सम्मानित मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार समेत सभी पुलिसकर्मियों के लगन, उनकी चुस्ती-फुर्ती और मुस्तैदी की खुले दिल से प्रशंसा की.
इधर तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आई जी नैयर हसनैन खान ने भी एसएसपी मनोज कुमार समेत पूरी पुलिस टीम को बधाई दी है. उन्होंने एसएसपी से भविष्य में इसी तरह कार्य करने और उपलब्धियां हासिल के लिए तत्पर रहने की शुभकामना व्यक्त की है.

विदित हो की 6 फरवरी को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक के निकट मुथुट फायनेंस कम्पनी से शातिर लुटेरों ने हथियार के बल पर फाइनेंस कंपनी का 32 किलो सोना और 2 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे. लूट के बाद भागने के क्रम में लुटेरों का एक बैग फट गया था जिससे कई पैकेटों में रखे सोने के गहने सड़कों पर गिर गए थे जिससे राहगीरों ने उठा लिया था. एसएसपी मनोज कुमार के चेतावनी भरे अपील के कारण कुछ लोगों ने ईमानदारी दिखाते हुए एसएसपी कार्यालय आकर मिले गहने वापस भी किये थे.

सम्मानित होने वाले पुलिस कर्मियों में मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार समेत, बेगूसराय बीएमपी 8 दस कमांडेंट राकेश कुमार, एएसपी अभियान विमलेश चंद्र झा, पुलिस उपाधीक्षक, मुकुल कुमार रंजन, पुलिस उपाधीक्षक, पूर्वी गोरव पांडे, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद, इंस्पेक्टर मो. शुजाउद्दीन, नगर थानाध्यक्ष (वर्तमान में पारू सर्किल के प्रभारी) धनंजय कुमार, दारोगा सुनील कुमार रजक, क्यूआरटी प्रभारी राम परीक्षण गुप्ता, सर्विलांस प्रभारी मणिभूषण कुमार, सरोज कुमार, नरेंद्र कुमार, राजेंद्र साह, धर्मेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, जमादार मधुसूदन पासवान समेत महिला पुलिस राखी कुमारी व विनीता कुमारी को सम्मानित किया गया.
