
SITAMARHI (ARUN KUMAR) : बिहार पुलिस का एक बार फिर क्रूर व निर्दयी चेहरा सामने आया है. सीतामढी़ पुलिस द्वारा थाना हाजत में दो आरोपियों की पिटाई के बाद हुई मौत का मामला तूल पकड़ रहा है. आरोप है कि पुलिस द्वारा थाना हाजत में लूट व हत्या मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद दोनों कैदियों को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहा डॉक्टरों ने कैदियों को मृत घोषित कर दिया. दोनों आरोपियों को पुलिस ने रून्नीसैदपुर में एक लूट के मामले में चकिया इलाके से गिरफ्तार किया था. हाजत में मौत की इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय समेत पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है. मामले में बिहार पुलिस के मुखिया पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा की जांच में दोषी पाए जाने पर सम्बंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

घटना पर तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नैयर हसनैन खान ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने मामले में संज्ञान लेते हुये डुमरा थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रविन्द्र कुमार सिंह को सीतामढी़ में कैम्प कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जाँच कर पूरी घटना पर रिपोर्ट मांगी गई है. आईजी ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के मापदण्ड पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

जानकारी के अनुसार सीतामढी़ के डुमरा थाना में दो अपराधियों की पुलिस पिटायी से मौत की होने का मामला प्रकाश में आया है. आरोपियों की मौत के बाद सीतामढ़ी पुलिस ने पूरे मामले के जांच के आदेश दे दिये है. बताया जाता है कि सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में गत 20 फरवरी को हुये औराई के एक व्यक्ति से लूट और हत्या मामले में दर्ज 68/2019 मामले मे पुलिस ने कल देर रात पूर्वी चम्पारण के चकिया के रामाडीह गांव से गुफरान और तस्लीम नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस पर आरोप है कि डुमरा थाना की हाजत में अपराध कबूल करवाने के लिये दोनों की बेरहमी से पिटायी की गयी. पुलिस की पिटाई से हालत गंभीर होने पर गिरफ्तार दोनों आरोपियों को इलाज के लिये सीतामढ़ी सदर अस्पताल मे भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया, इधर सीतामढ़ी पुलिस ने इस मामले मे जांच की बात कही है.
विदित हो कि 20 फरवरी की रात्रि सीतामढ़ी के रून्नी सैदपुर के एनएच-22 स्थित प्रेमनगर सुहई में पत्नी के साथ सीतामढ़ी से बाइक से लौटने के क्रम में औराई थाना क्षेत्र के जीवजोर निवासी राकेश साह की बाइक सवार तीन अपराधियों ने लूट के दौरान गोली मार हत्या कर दी थी और बाइक और कुछ राशि लूटकर फरार हो गए थे। स्थानीय लोग और रून्नी सैदपुर पुलिस ने जख्मी युवक को एसकेएमसीएच लाया। जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले में जोनल आईजी द्वारा रून्नी सैदपुर थानाध्यक्ष को शोकाॅज नोटिस जारी करते हुये सस्पेंड भी कर दिया गया था।

मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है. सीतामढी़ पुलिस उपाधीक्षक सदर कुमार वीर धीरेन्द्र ने कहा कि मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड का गठन कर दोनों आरोपियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस चाहती है कि जो भी सच है, वो जल्द से जल्द सामने आए.

सीतामढ़ी के पुलिस उपाधीक्षक सदर कुमार वीर धीरेन्द्र ने कहा कि रून्नी सैदपुर में लूट और हत्या मामले में दो लोगों को डुमरा थाना में गिरफ्तार कर लाया गया था, उस वक्त दोनों आरोपी स्वस्थ थे. हाजत में रखे जाने के उपरांत कई लोग आरोपियों से मिलने आए थे. प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद लग रहा है. मजिस्ट्रेट की निगरानी में जिला प्रशासन द्वारा वीडियोग्राफी कर पोस्टमार्टम कराई जाएगी. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसमें डॉक्टरों का मंतव्य और मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा. डीएसपी ने बताया कि बॉडी पर किसी भी तरह के कोई चोट के निशान नहीं पाये गए हैं.

उन्होंने कहा कि हाजत में बंद आरोपियों से मिलने आए मुलाकातियों के द्वारा कोई जहरीला पदार्थ भी दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि पुलिस पिटाई की वजह से किसी की मौत नहीं हो सकती. किसी ने साजिश रच कर इस घटना को अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुये जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

डुमरा थाना हाजत में हुई दो आरोपियों मौत ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. हाजत के भीतर पुलिस अभिरक्षा में मौत हो जाना पुलिस को भी गैर इरादतन हत्या का दोषी बना रहा है. सवाल यह है कि पुलिस जब थाना के भीतर हाजत में लोगों की सुरक्षा नहीं कर सकती तो पूरे थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कैसे पुख्ता करेगी।
