लोकसभा चुनाव : तारीखों को लेकर आज चुनाव आयोग की एक अहम बैठक, आम चुनाव के साथ हो सकते हैं विधानसभा चुनाव

आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों को लेकर शनिवार को चुनाव आयोग की एक अहम बैठक होगी। मिली जानकारी के अनुसार आयोग की यह बैठक शनिवार को 12 बजे होगी। इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के साथ दो अन्य चुनाव आयुक्त भी मौजूद रहेंगे।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया था कि तैयारियां लगभग अंतिम चरण में है और किसी भी दिन तारीखों की घोषणा हो सकती है। लोकसभा चुनाव के साथ ही राज्यों में विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

आम चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद अगले हफ्ते पहले और दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव पर्यवेक्षकों की बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार पहले चरण के मतदान की अधिसूचना मार्च के आखिर तक जारी हो सकती है और इसके लिए मतदान अप्रैल के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।

मालूम हो कि वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल तीन जून को खत्म हो रहा है। संभावना है कि आयोग पहले की तरह आंध्र प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ करा सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.