
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्रान्तर्गत मोतीझील स्थित बाटा शोरूम में लगी भीषण आग से लाखों की संपत्ति जलकर रख हो गयी. आग लगने से शहर के अति व्यस्ततम इलाके में आग लगने से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और मौके पर हजारों की भीड़ जुट गयी. जिला प्रशासन के चार घंटो के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका. आग से नुकसान संपत्ति का आकलन किया जा रहा है. आग लगने का कारण गोदाम में शार्ट सर्किट होने की बात बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार मोतीझील के “आप” नेता संजीव झा की बाटा शोरूम के प्रथम तल पर बने गोदाम में दोपहर 1 बजे के आसपास शॉर्टसर्किट से आग पकड़ लिया, जिसने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया. शोरूम के कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते आग ने रौद्र रूप धारण करते हुए अपनी पहुँच तीसरे माले तक बना डाली. इस बीच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, उपाध्यक्ष नगर और सिटी एसपी भी मौके पर पहुँच गए.

फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मोर्चा सँभालते हुए आग बुझाने की कवायद में जुट गयी. पूरे इलाके में भीषण आग की घटना से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिसे मौके पर पहुंचे डीएम, सिटी एसपी व डीएसपी ने पूरी मुस्तैदी से संभाला. मोतीझील के रास्ते को बंद कर दिया गया. एडीएम, एसएसपी और एसडीओ पूर्वी भी मौके की नज़ाकत को देखते हुए कमान संभाल ली. जिलाधिकारी पूरे समय हालात का मुआयना करते और दिशा-निर्देश देते दिखे. इस बीच दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां पहुँच कर आग पर नियंत्रण पाने में जुट गयी. सदर अस्पताल से आतुर वाहन भी मौके पर पहुँच गया. बढ़ती भीड़ और हंगामा कर रहे लोगों पर क्यूआरटी टीम और पुलिस बल के डंडे भी चले.

आग लगते ही आसपास के स्थानीय दुकानदारों और बाटा शोरूम के सामने एक रेडीमेड गारमेंट ने फायर फाइटिंग से लैस उपकरणों को चालू करते हुए आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों की काफी मदद की. अग्निशमन वाहनों में पानी की कमी को भी उक्त रेडीमेड शोरूम ने ही पूरा किया. बाटा शोरूम के ठीक बगल में स्थित एक अन्य रेडीमेड संचालक ने डीएम के बार-बार चेतावनी देने के बावजूद आग की लपटें बढ़ते देख सशंकित होकर अपनी पूरी दुकान को कर्मचारियों से सहयोग से खाली करवाया. इस दौरान लगातार उठ रही आग और धुआं से कई दुकानों के मालिक ने अपनी अपनी दुकानों को बंद कर दिया.

आग की भयावहता को भांपते हुए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने आते ही युद्धस्तर पर रहत कार्य आरम्भ किया. शोरूम के अन्दर घुस कर आग पर काबू पाने की कोशिश नाकाम साबित हुयी. जेसीबी वाहन भी बुलाया गया, पर कोई सफलता हासिल नहीं हुयी. लगभग 4 :30 बजे पहुंची किरान की मदद से एसडीआरएफ और अग्निशमन की टीम ने प्रथम तल के शटर को तोड़ कर आग बुझाई.

लगभग चार घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद अंततः संध्या 5 बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका और जिला प्रशासन ने राहत की साँस ली. इस पूरे अभियान के दौरान जिला का पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर डटा रहा और स्थिति को पूर्ण नियंत्रित रखा. हालाँकि एक व्यक्ति की झुलसने की खबर भी मिली है, पर इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो सकी है. शोरूम संचालक संजीव झा ने कहा की आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. पर लगभग लाखो रुपये मूल्य की क्षति हुयी है.

इससे पूर्व जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष, वरीये पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने मौके पर हजारों की संख्या में जुटी भीड़ को हटाया और राहत बचाव कार्य में बाधा न उत्पन्न करने की अपील की. अनुमंडलाधिकारी ने भी माइक द्वारा आग से कमजोर हो चुकी बिल्डिंग के टूटने व दरकने की आशंका जताते हुए मौजूद भीड़ को उससे दूर रहने की चेतावनी दी और विधि-व्यवस्था बनाये रखने में सहयोह की अपील की.

