माधवन के साथ बड़े परदे दिखेंगे शाहरुख खान

अंतरिक्ष में गए पहले भारतीय राकेश शर्मा की बायोपिक, सारे जहां से अच्छा या सैल्यूट की नहीं हो रही, बात हो रही है अभिनेता और निर्देशक आर माधवन की फिल्म रॉकेटरी की। रॉकेटरी मशहूर स्पेस साइंटिस्ट नंबी नारायण की बायोपिक है। वही नंबी जिन्हें देसी तकनीक से विकसित दुनिया के पहले क्रायोजेनिक इंजन का क्रेडिट मिल सकता था अगर ऐन मौके पर उन पर जासूसी का आऱोप न लगता और वह जेल में न डाल दिए गए होते।

हर अच्छे इंसान के साथ बुरा होता ही है, कुछ कुछ ऐसी ही थीम पर बन रही है माधवन की फिल्म रॉकेटरी। और, माधवन की इस फिल्म में शाहरुख खान एक खास किरदार करने को राजी हो गए हैं। शाहरुख खान अपने ऊपर किए गए किसी एहसान को जमा करके नहीं रखते, मौका मिलते ही उसे चुका जरूर देते हैं।

जीरो में माधवन ने एक खास किरदार वैसे तो फिल्म के निर्देशक आनंद एल राय के कहने पर किया था जिन्होंने माधवन को लेकर तनु वेड्स मनु औऱ तनु वेड्स मनु रिटर्न्स जैसी फिल्में बनाईं, लेकिन एहसान ये शाहरुख खान पर हो गया।

अब पता चला है कि शाहरुख खान ने माधवन की बतौर निर्देशक पहली फिल्म रॉकेटरी में एक खास किरदार करने को जो हामी भरी है, उसकी शूटिंग भी वह जल्द करने वाले हैं। माधवन अपनी इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों रूस और यूरोप में कर रहे हैं। इसके बाद अगले महीने इसकी शूटिंग अमेरिका में होगी, शाहरुख के सीन्स वहीं फिल्माए जाएंगे।

शाहरुख खान पांच भाषाओं में एक साथ बन रही फिल्म रॉकेटरी के हिंदी संस्करण में ही दिखेंगे। तमिल संस्करण में यही रोल वहां के सुपरस्टार सूर्या करने वाले हैं। माधवन की योजना इसी तरह तेलुगू, मलयालम और अंग्रेजी संस्करणों के लिए भी एक एक बड़ा नगीना अपने फिल्म में फिट करने की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.