चुनाव के मद्देनज़र अगले आदेश तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियाँ रद्द, एडीजी मुख्यालय ने जारी किया आदेश

ADG Kundan Krishnan

PATNA : लोकसभा चुनाव को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने विधि-व्यवस्था संधारण हेतु बड़ा फैसला लिया है. जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय ने बिहार के सभी जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों की छुट्टी को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है. ये फैसला इसलिए लिया गया है ताकि होली पर्व और लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक न हो.

इस सम्बन्ध में एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बिहार के सभी जिलों के एसपी और समादेष्टा को आदेश पत्र भेजकर जानकारी दी है. पत्र में कहा गया है कि अगले आदेश तक सिर्फ विशेष परिस्थिति में ही पुलिसकर्मियों को छुट्टी दी जाए. बिहार में सभी पुलिसकर्मियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है. 14 मार्च से सभी प्रकार की छुट्टियों को स्थगित कर दिया गया है. पुलिस मुख्यालय ने छुट्टी स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया है.

पुलिस महानिदेशक कार्यालय के ज्ञापांक 106 में एडीजी हेडक्वार्टर ने सभी जिलों के पुलिस एसएसपी, एसपी, एसपी विशेष कार्यबल, समादेष्टा, बिहार सैन्य पुलिस, समादेष्टा ट्रेनिंग को स्पष्ट आदेश दिया है कि 14 मार्च से 30 मई के बीच पुलिसकर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश को स्थगित कर दिया गया है. अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय कुंदन कृष्णन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सूबे में कार्यरत पुलिसकर्मियों की सभी प्रकार की छुट्टियां स्थगित रहेंगी और उन्हें अवकाश पर नहीं भेजा जाएगा.

हालांकि विशेष परिस्थितियों में सम्बंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों पर निर्भर करेगा कि वे अवकाश दे या नहीं. अत्यंत विशेष परिस्थितियों में अवकाश देने की बात कहते हुए गैर जरूरी कारणों और सामान्य कारणों को आधार बना कर ली जाने वाली छुट्टियां पूरी तरह से स्थगित रहेंगी.आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है. सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय छुट्टियों के कारण जवानों के ड्यूटी से अनुपस्थित होने का जोखिम नहीं उठा सकता है. लिहाजा छुट्टियों के कारण जवानों की संख्या कम ना पड़ जाए इसलिए मुख्यालय स्तर से ही छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.