MUZAFFARPUR : जिला पुलिस ने फ्लैग मार्च कर शहरवासियों को दिया शांति तथा सुरक्षा का संदेश

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली पर्व और आगामी लोकसभा चुनाव में भयमुक्त मतदान के लिए किये गये तैयारियों के प्रति जनता का भरोसा जीतने के लिए सोमवार को शहर में फ्लैगमार्च किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में सैकडों की संख्या में पुलिसकर्मी, अर्द्धसैनिक बलों की कंपनी, क्यूआरटी जवानों की टीम, एएसपी अभियान बिमलेश चन्द्र झा, सिटी एपी नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (पूर्वी), पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिमी), क्यूआरटी प्रभारी नवीन कुमार व शहरी क्षेत्रों के थानाध्यक्ष आदि शामिल हुए।

फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सरैयागंज टावर पहुंचा। यहां से पुलिस का वाहनों से फ्लैग मार्च शुरू हुआ जो पानी टंकी, मिठनपुरा, कलमबाग चौक, मोतीझील से होते हुये स्टेशन रोड, इमलीचट्टी जूरन छपरा, ब्रह्मपुरा आदि इलाकों में मार्च करते हुए आमजनों को होली पर्व और चुनावों के दौरान सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम जन के मन से डर को निकालना तथा बिना किसी भय के शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाने और अपनी इच्छानुसार मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है। जिससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति सुरक्षा का भरोसा जग सके और वे निर्भीक होकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में उल्लासपूर्वक पर्व का आनंद उठा सकें।

होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध कर दिए गए हैं। जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी तथा प्रत्येक इलाकों में पूरी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस और पैरामिलट्री फोर्स के जवानों ने ज्वाइंट फ्लैग मार्च कर शांति तथा सुरक्षा का संदेश दिया। सभी जवान अपने हथियारों समेत मार्च में शामिल हुए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.