
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं होगी तो जनता किसके भरोसे खुद को सुरक्षित मानेगी? जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो रहे हैं, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है जब आज सोमवार को जिले के सभी इलाकों में पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों द्वारा संयुक्त फ्लैग मार्च कर शहरवासियों को होली पर्व और आगामी लोकसभा चुनावों के दौरान हर तरह से शांति व सुरक्षा देने का भरोसा दिला कर वापस लौट रही पुलिस के एक जवान को दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.

पुलिस के ऊपर फायरिंग की घटना की खबर फैलते ही चारों ओर नाकेबंदी कर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी की कवायद में जुट गई है.

रैफ जवान पर हमला मामले में डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने लिया संज्ञान. उन्होंने अपराधियों के इस कृत्य को चुनौती के रुप में लेते हुये सख्त लहजे में कहा है कि पुलिस पर हमला करने वाले अपराधी किसी भी बिल में क्यों न छुपे हों, उन्हें पाताल से भी ढूंढ निकाला जायेगा. इस सम्बंध में उन्होंने वरीय अधिकारियों को जांच टीम गठित कर कहा कि अपराधी को किसी भी हाल में ढूंढ निकालें, चाहे जमीन-आसमान एक कर दें पर अपराधियों की गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित करें.

मिली जानकारी के अनुसार काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च से लौट रहे रैपिड एक्शन फोर्स के एक जवान को बाईक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. घटना माडी़पुर पुल के समीप उर्मिला होटल के समीप की बतायी जाती है. घायल जवान की पहचान समस्तीपुर निवासी सुधीर कुमार मांझी के रूप में हुई है, जो बीएमपी 13 में पदस्थापित है एवं मुजफ्फरपुर में दंगा नियंत्रण टीम में प्रतिनियुक्त है।

प्रत्यक्षदर्शी एक रैफ जवान ने बताया कि शहर में फ्लैग मार्च के दौरान मालीपुर चौक से पहले पुल के समीप ही सड़क पर बाइक लगाकर बैठे दो युवकों को फ्लैग मार्च के दौरान फोर्स द्वारा डांटा दिया गया था. डांटने के बाद उक्त दोनों युवक मोटरसाइकिल से गाली गलौज करते हुये ओवरटेक कर माडी़पुर स्थित उर्मिला होटल के समीप रुके, दोनों युवकों को पकड़ने के लिए जैसे ही वह जवान दौड़ा इसी बीच बाईक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी. घायल जवान को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया. घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर डीआईजी रविन्द्र कुमार सिंह, एसएसपी मनोज कुमार एवं कई थानों की पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल की.

एसएसपी ने बताया कि फ्लैग मार्च कर जवान वापस बैरक लौट रहे थे, इस दौरान सड़क जाम होने से सभी जवान जाम को क्लियर करवाते हुये आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान बाईक सवार दो असामाजिक तत्वों से झड़प हो गई जिस पर बाईक सवार अपराधियों ने रैफ जवान सुधीर कुमार पर गोली चला दी. एसएसपी ने कहा कि घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एसएसपी ने कहा घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, अपराधियों को चिन्हित कर जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. घायल जवान के साथियों ने एसएसपी से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

खबर लिखे जाने तक घायल जवान की स्थिति खतरे से बाहर बतायी गयी है. एसएसपी मनोज कुमार ने बताया है कि घायल जवान के किसी भी महत्वपूर्ण अंग में गोली नहीं लगी, जिससे जवान सुरक्षित बताया जाता है. जिस पुलिस विभाग पर शहरवासियों की सुरक्षा की जिम्मेवारी है, अब यह खुद सुरक्षित नहीं तो फिर आम जनता किसके भरोसे खुद को महफूज समझे.