देवनगरी हरिद्वार में दिखी छठ महापर्व की अनुपम छटा, गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

मुजफ्फरपुर: आस्था, श्रद्धा और लोक आस्था के महापर्व छठ की अनुपम छटा धर्मनगरी हरिद्वार में भी देखने को मिली। मां गंगा के पावन तट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

गंगा घाटों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान कहीं व्रती महिलाएं गंगा में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करती नजर आईं, तो कहीं पूजा के पारंपरिक सूप, फल, ठेकुआ और दीपों से सजे अर्घ्य के डाले आस्था और भक्ति का अद्भुत संदेश देते दिखाई दिए।

हरिद्वार के गंगा घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।

खास बात यह रही कि बिहार और पूर्वांचल की लोक आस्था से जुड़ा छठ महापर्व अब देश के अलग-अलग हिस्सों में भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। धर्मनगरी हरिद्वार में भी इसकी खूबसूरत झलक देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महापर्व में शामिल हुए।

गंगा की लहरें, दीपों की रोशनी और छठ व्रतियों की अटूट आस्था ने हरिद्वार के घाटों को भक्तिमय बना दिया। यह नजारा न केवल भारतीय संस्कृति की एकता को दर्शाता नजर आया, बल्कि देशभर में लोक परंपराओं की बढ़ती स्वीकार्यता और सांस्कृतिक जुड़ाव की भी जीवंत तस्वीर पेश कर गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.