रायपुर. छत्तीसगढ़ की वीणा सेंद्रे देश की पहली मिस ट्रांस क्वीन चुनी गई हैं। मुंबई में रविवार को हुए नेशनल लेवल ब्यूटी कांटेस्ट में उन्होंने ट्रांस क्वीन का खिताब अपने नाम किया। वीणा ने तमिलनाडु की नमिता अम्मू को अंतिम दो राउंड में शिकस्त दी। वीणा मिस छत्तीसगढ़ भी रह चुकी हैं और वह राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद की रहने वाली हैं। वीणा ने यह खिताब अपने नाम करने के बाद लोगों का दिल से शुक्रिया कहा है। उनकी इस जीत पर सोशल मीडिया में जश्न बनाया जा रहा है। चारों ओर उनकी की चर्चा हो रही है। ये जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि पूरे ट्रांसजेंडर समुदाय की जीत है।

देश में पहली बार ट्रांसजेंडरों के लिए इस तरह का आयोजन कराया गया है।स्कूल के समय से ही वीना कुछ अलग महसूस करने लग गई थीं, स्कूल में कोई भी उनका दोस्त नहीं बनना चाहता था। स्कूल में हर कोई उनका मजाक उड़ाता था इसलिए परेशान होकर वीणा ने 5वीं कक्षा में ही पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन कुछ साल बाद फिर से पढ़ाई शुरू की। वीणा खुद को सबसे अलग महसूस करती हैं, यह बात पहली बार उन्होंने अपनी मां से शेयर की।