लोकसभा चुनाव नतीजे आने के ठीक अगले दिन ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ पूरे देश में अपने चाहने वालों से रू ब रू होंगे। जी नहीं, हम ये नहीं कह रहे कि बीजेपी नेता नरेंद्र मोदी आम चुनाव के नतीजों के अगले ही दिन फिर से प्रधानमंत्री बन जाएंगे, बल्कि खबर ये है कि उन पर बनी बायोपिक आखिरकार 24 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी।
अपनी मेकिंग के समय से ही सुर्खियों में बनी रही फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी की रिलीज की तारीख को लेकर बीजेपी समर्थकों में लगातार उत्सुकता बनी रही है। यह फिल्म पहले 12 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अखबारों में फिल्म के पोस्टर छपने के बाद तमाम राजनीतिक दलों ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से कर दी। इसी बीच फिल्म की रिलीज एक हफ्ते पहले खिसकाकर 5 अप्रैल करने का ऐलान हो गया।
बॉम्बे हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आय़ोग तक दाखिल याचिकाओं का असर ये हुआ कि आयोग ने फिल्म की रिलीज पर मतदान के सारे चरण पूरे होने तक रोक लगा दी। इस दौरान फिल्म की तमाम प्रचार सामग्री भी सोशल मीडिया और इंटरनेट से फिल्म के निर्माताओं को हटानी पड़ी। फिल्म में विवेक ओबेरॉय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किरदार कर रहे हैं।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के किरदार में मनोज जोशी दिखेंगे। फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में भी रिलीज होगी।