
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में सीएसपी संचालक और माईक्रोफिनांस कंपनी संचालक अपराधियों के निशाने पर हैं. शहर में हर दूसरे दिन अपराधियों का निशाना बन रहे सीएसपी केंद्र और माईक्रोफिनांस कंपनी संचालक. इस कड़ी में आज पुनः अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को लूट के दौरान गोली मार दी और एक लाख 10 हजार लूट कर फरार हो गए. घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है की कुढ़नी थाना क्षेत्र के तुर्की ओपी अंतर्गत एसबीआई बैंक के एक एटीएम में कुढ़नी थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी गुरुशरण प्रसाद के पुत्र विजय कुमार पैसा निकासी कर रहे थे. इस बीच काले अपाचे पर सवार एक युवक बाइक खड़ी कर एटीएम में घुस गया और पिस्टल के बल पर एक लाख 10 हजार रुपये लूट लिए. लूट का विरोध करने पर अपराधी ने विजय कुमार के दाहिने पैर में गोली मार दी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े और अपराधी पैसे लूट कर चलता बना. घायल विजय कुमार का मोहनपुर में ही सीएसपी केंद्र हैं. उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा है की अपराधी अकेला था और काले अपाचे से आया था. हालाँकि सीएसपी संचालक के पास एक लाख 50 हजार रुपये थे, पर अपराधी के हाथ 1 लाख 10 हजार रुपये ही लग सके, शेष पैसे पर अपराधी की नज़र नहीं गयी.

तुर्की ओपी अध्यक्ष ललित कुमार को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जांच पड़ताल करते हुए घायल को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. ओपीअध्यक्ष ललित कुमार ने बताया की सीएसपी संचालक द्वारा एक संदिग्ध की पहचान की गयी है. पुलिस द्वारा घायल का बयान कलमबद्ध कर हर बार की तरह इस बार भी मामले की जाँच पड़ताल करते हुए चिन्हित अपराधी की तलाश में जुट गई है.

लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद जिला पुलिस समेत अर्धसैनिक बल, सैप, एसएसबी द्वारा शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में चलाये जा रहे सघन जांच व तलाशी अभियान, फ्लैग मार्च के बावजूद अपराधियों में भय पैदा करने में प्रशासन नाकामयाब साबित हो रहा है. फूलप्रूफ प्लानिंग नहीं होने और बाइकर गैंग के खिलाफ कोई ठोस रणनीति अपना कर कड़ी कार्रवाई नहीं किये जाने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. इसका जीता जगता उदाहरण जिले में हर दूसरे दिन देखने को मिल रहा है. पुलिस प्रशासन लाख दावे कर ले पर बाइकर गैंग के अपराधियों पर लगाम लगा पाने में विफल साबित हो रही है. पुलिस प्रशासन द्वारा वाहन जांच अभियान लाइसेंस और वाहन के कागजातों के सत्यापन भर ही सीमित रह जाती है, इससे लूट की घटनाओं में शामिल अपराधी चिन्हित नहीं हो पा रहे हैं.

आये दिन महिलाओं से चेन छीनने, व्यवसायियों से कैश लूट की घटनाये आम हो गयी गयी हैं. लूट के दौरान अपराधी गोली मारने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं. अधिकांशतः अपराध की घटनाओं में टीनएजर युवा के शामिल रहने की बात कही जाती है. नशा महँगी बाइक, महंगे मोबाइल व ऐशोआराम करने, अपने नाजायज़ ज़रूरतों की पूर्ति के लिए अपराध के क्षेत्र में कदम बढ़ा रहे हैं. बैंकों, सीएसपी केंद्र, माईक्रोफिनांस कंपनियों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर अपराधियों द्वारा रेकी करने के बाद उनका पीछा करते हुए सुनसान जगह देख कर लूट की वारदात को अंजाम देते हैं.

लूट की इतनी घटनाएं घटित होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. बुधवार 10 अप्रैल को 8 घंटों के अंदर तीन सीएसपी संचालकों समेत दो फिनांस कर्मियों गोली मार कर लगभग साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए थे, वहीं गुरुवार 11 अप्रैल को मीटिंग में भाग लेकर लौट रहे भारत फाइनेंस फ्यूज़न लिमिटेड के सीतामढ़ी निवासी कर्मी निशांत कुमार और रुस्तम अली से सकरा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बघनगरी गाँव के हनुमान मंदिर के पास हथियार के बल पर 31000 रुपये नगद, प्लेटिना बाइक, कंपनी के 2 टैब और 40 हजार मूल्य के मोबाइल लूट लिए थे.

मामला 1 : गत 01 मई को मीनापुर के झिटकहियाँ में बाइक सवार अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरोमाइल निवासी विजय कुमार साह को गोली मार दी थी.
मामला 2 : बुधवार 1 मई को ही रात्रि करीब सात बजे पूर्वी चम्पारण के राजेपुर थाना के महम्मदपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर से लौट रहे जिले के कांटी थाना क्षेत्र के बहादुर गांव के टेन्ट व्यवसायी चूल्हाई सहनी को अपराधियो ने बाइक छीनने के दौरान असफल होने पर पीठ व सीने पर चाकू से हमला मार कर घायल कर दिया था. इसके साथ ही टेंगरारी गाँव निवासी मवेशी डाक्टर लक्ष्मण पंडित घर लौटते वक्त घटना देख कर जैसे ही रुके अपराधियों ने उन्हें भी पीछे से पीठ पर चाकू मारकर घायल कर दिया था.
मामला 3 : मुजफ्फरपुर सीतामढ़ी एनएच 77 पर हथौड़ी थाना क्षेत्र के गोपालपुर-पितौंझिया के बीच बाइक सवार तीन अपराधियों ने रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी इरशाद अहमद और किशनदेव ठाकुर को गोली मार कर 74000 हजार रूपये लूट लिए थे.
मामला 4 : जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के नवादा चौक स्थित भारत हार्डवेयर नामक दुकान में संध्या 7 बजे के आसपास बाइक सवार 3 अपराधियों ने हथियार का भय दिखा कर दुकानदार से करीब 15 हजार रुपये लूट लिये और नरौली की ओर फरार हो गये.
मामला 5 : कुढ़नी थाना के तुर्की ओपी क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पम्प के समीप बाईक सवार अज्ञात अपराधियों ने सकरी सरैया स्थित आरबीएल बैंक के सीएसपी संचालक दिलीप कुमार से एक लाख रुपये और लैपटॉप लूट लिये थे.
मामला 6 : सरैया थाना क्षेत्र के बखरा बतरौलिया स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के दो सीएसपी संचालकों क्रमशः नवल किशोर भगत और श्याम किशोर विश्वकर्मा से तीन बाइक सवार छह अपराधियों ने बतरौलिया पेट्रोल पंप के समीप हथियार के बल पर 4 लाख 70 हजार रुपये लूट लिए थे.
मामला 7 : मनियारी के पकाही चौक स्थित जेनरल स्टोर संचालक अरविन्द कुमार से बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर गल्ला व जेब में रखे 25 हजार रुपये समेत एक मोबाइल लूट लिया वहीं एक कपड़ा व्यवसायी से भी 2 हजार लूट लिए थे.
मामला 8 : 20 मार्च को मोतीपुर के मिश्रौलिया में मथुरा माइक्रोफाइनेंस से 3.96 लाख की लूट. मुशहरी के नवादा में भारत फाइनेंस कर्मी से 2.13 लाख की लूट.
मामला 9 : 27 मार्च को मोतीपुर थाना क्षेत्र के कोदरकट्टा में फाइनेंस कर्मी से 30 हजार की लूट.
मामला 10 : 08 अप्रैल को हथौड़ी के डकरामा में फाइनेंस कर्मी से 60 हजार की लूट.
मामला 11 : गत 22 अप्रैल को महिला अधिवक्ता मधु कुमारी से बाइक सवार अपराधियों ने काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर स्थित मंदिर के पास से बैग झपट कर फरार हो गए थे. महिला अधिवक्ता बैग में 14 हजार रुपये नगदी के साथ ही मुक़दमे से सम्बंधित कागजात थे.
मामला 12 : 25 मार्च को तुर्की स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से मुजफ्फरपुर जा रहे कैश कलेक्शन एजेंट से कुढ़नी के मधौल में हथियार के बल पर 29 लाख रुपये लूट लिए थे.
मामला 13 : गुरुवार 1 मई को मीनापुर थाना क्षेत्र के पिपरा व नंदना के बीच गोरीगामा निवासी रामकुमार सिंह से नई बाइक लूटने में असफल होने अपराधियों ने चाकू मार कर घायल कर दिया था.
मामला 14 : गुरुवार 1 मई की ही शाम सदर थाना क्षेत्र के आनंदपुरी मोहल्ला में टायर व्यवसायी और रिलायंस पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष शम्भू प्रसाद सिंह पर लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग की थी. फायरिंग में वे बाल-बाल बच गए थे, गोली उनके पर्स में रखे पैसे और एटीएम कार्ड को भेदती होती पांच के सिक्के में फंस गयी थी.
मामला 15 : बीती रात 2 मई को अहियापुर थाना क्षेत्र के जुब्बा साहनी रेलवे स्टेशन के पास लीची गाछी में जमालाबाद निवासी ठेकेदार सोनू कुमार से अपराधियों ने हथियार का भय दिखा कर 10 हजार रुपये, बाइक और मोबाइल लूट लिए. विरोध करने पर अपराधियों ने उसे चाकू से वार कर घायल कर दिया.
कई ऐसे मामले हैं, जिनमे इतने दिन बीत जाने के बावजूद अपराधी-लुटेरे पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. स्मार्ट पुलिसिंग, चाक-चौबंद व्यवस्था और सघन गश्ती के पुलिस लाख दावे करे पर पिछले एक महीनों के आपराधिक रिकॉर्ड पर गौर करें तो हकीकत अंदाजे-बयां करने को काफी है.