
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : सोमवार 6 मई को 15-मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र में होने वाले मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के मद्देनजर अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई. बैठक में नक्सल प्रभावित बूथों पर सुरक्षा के मद्देनजर कार्ययोजना तैयार की गई. साथ ही संवेदनशील बूथों पर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए.
अर्द्धसैनिक बलों के आवासन एवं अन्य सुविधाओं को लेकर भी विमर्श किया गया. चुनाव के दिन “क्या करना है और क्या नहीं करना है” इस संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कहा कि आम मतदाताओ को सुरक्षा का भरोसा देना हमारा कर्तव्य है ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें. उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियो को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को एक टीम के रूप में समन्वय के साथ कार्य करना है. उन्होंने कहा कि भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष निर्वाचन हमारा संवैधानिक दायित्व है.

पुलिस प्रेक्षक आर जी दाभडे़ , सामान्य प्रेक्षक बालकृष्ण त्रिपाठी, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, एएसपी अभियान विमलेश चन्द्र दा ने भी बारी -बारी से बैठक को संबोधित किया. आयोजित बैठक में बताया गया कि मतदान के दिन मतदन केन्द्र से 200 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्र न होने दिया जाए. मतदान करने आये लोगो को कतारबद्ध होकर पोलिंग बूथ के अंदर भेजा जाए. बिना पहचान पत्र के किसी को भी मतदान केन्द्र के अंदर न घुसने दिया जाय.

बैठक में शांतिपूर्ण निर्वाचन को लेकर मतदान के दिन सशस्त्र पुलिस बलों के कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों के बारे में उन्हें विस्तृत जानकारी दी गई. बैठक में एसएसबी कमांडेंट दीपक कुमार सिंह, कमांडेंट सीआरपीएफ़ जगमोहन भगत, कमांडेंट सीआईएसएफ़ एवं आरपीएफ़ समेत सभी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी उपस्थित थे.
