बॉलीवुड में एक्टिंग गुरु के नाम मशहूर रोशन तनेजा का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। रोशन तनेजा ने शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, जया बच्चन, अनिल कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े स्टार्स को ट्रेनिंग दी।

रोशन तनेजा के बेटे रोहित तनेजा ने बताया कि बीते शुक्रवार रात को 9:30 बजे उनका निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार थे। वो अपने पीछे पत्नी मिथिका और दो बेटे राहुल और रोहित को छोड़ गए। सांताक्रूज वेस्ट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।रोशन तनेजा के निधन पर बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी ने ट्वीट कर लिखा- ‘मुझे कल रात ये दुखद समाचार मिला कि रोशन तनेजा का निधन हो गया।
वह FTII में मेरे गुरु थे और एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जिनके मैंने पैर छुए। मुझे उनके द्वारा अभिनय में प्रशिक्षित होने का सौभाग्य मिला। दीदी और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’ अभिनेता राकेश बेदी ने लिखा, ‘मेरे लिए बहुत दुखद दिन। मेरे गुरु रोशन तनेजा का कल निधन हो गया। अपने करियर के लिए मैं उनका एहसानमंद हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’

फिल्म निर्माता अतनु घोष ने ट्वीट किया, ‘उनके साथ, पांच दशकों से अधिक के शानदार युग का अंत हुआ। हमारे पास कभी अभिनय का सबसे बड़ा शिक्षक हमारे था। विंदू दारा सिंह ने भी ट्वीट कर लिखा, ‘हमारे गुरु रोशन तनेजा का निधन हो गया। उनकी आत्मा को शांति मिले। वह एक उत्कृष्ट शिक्षक थे जिन्होंने अभिनय को प्यार से पढ़ाया और हम सभी को परिवार की तरह माना। #RipRoshanTaneja जी। ”