राजस्थान के अलवर में विवाहिता से हुए गैंगरेप की घटना में पुलिस के रवैये को लेकर विरोध जारी है। इस बीच अलवर गैंगरेप मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती का भी बयान आया है। मायावती ने कहा कि अलवर गैंगरेप मामले में दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। मायावती ने अलवर गैंगरेप को लेकर कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लिया।
बसपा सुप्रीमो ने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट को राज्य की कांग्रेस सरकार, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यह मामला सिर्फ दलितों का ही नहीं बल्कि सभी महिलाओं से जुड़ा है।’ बता दें कि राजस्थान को शर्मसार करने वाले विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब तक पांच मुख्य आरोपियों में से चार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही अलवर गैंगरेप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करवाने के आरोपी को भी पकड़ लिया गया है।

बसपा सुप्रीमो ने चुनाव प्रचार के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग उन राजनीतिक नेताओं के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है, जो लोकसभा चुनावों के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान कई नेताओं ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
चुनाव आयोग ने कई नेताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई भी की है। इस लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों ने नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए हैं और कई दफा भाषा की मर्यादा को तार-तार करने का काम किया है। चाहें सत्ता पक्ष हो या विपक्षी दलों के नेता, इन्होंने चुनाव के दौरान आपत्तिजनक भाषा का बार-बार इस्तेमाल किया है।