तेजस्वी ने कहा, लालूजी जेल से बाहर आएंगे या नहीं, इसका फैसला अदालत करेगी ना कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव पर दिए गए बयान को लेकर मुख्यमंत्री नीतश कुमार पर पलटवार किया है। तेजस्वी ने कहा है कि लालूजी जेल से बाहर आएंगे या नहीं, इसका फैसला अदालत करेगी ना कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी।

तेजस्वी बोले-

“नीतीशजी ने कहा है कि लालू जी को जेल से बाहर नहीं आने देंगे। यह हमारे आरोपों की पुष्टि करता है कि नीतीश कुमार और भाजपा के लोगों ने मिलकर लालू जी को साजिश के तहत जेल भेजा है।”


तेजस्वी ने ट्वीट किया कि नीतीश जी हार की बौखलाहट में अब खुलेआम मंचों से छाती पीट कर धमकी दे रहे है कि लालू जी को कभी भी जेल से बाहर नहीं आने दूंगा। यानि कि वे मान रहे है कि उन्होंने अपने गुर्गों के साथ साजिश कर लालू जी को जेल भेजा था।

उन्होंने ललकारा कि नीतीश जी, आपके दोहरे चरित्र का पर्दाफाश हो चुका है। संविधान का जरा सा भी ज्ञान है, तो पता कर लीजिए कि निचली अदालत से ऊपर और भी अदालतें है। हम आपकी तरह जमीर और जनादेश नहीं बेचते। हम फासीवादियों से डटकर लड़ते हैं और जीतते हैं। आप 2015 में क्यों लालू जी के पैरों में गिरे थे? क्या जेल से बचने के लिए आपने जनादेश का चीरहरण किया था।

“नीतीश जी, संविधान का ज़रा सा भी ज्ञान है तो पता कर लीजिये निचली अदालत से ऊपर और भी अदालतें है। हम आपकी तरह ज़मीर और जनादेश नहीं बेचते। हम फासीवादियों से डटकर लड़ते और जीतते है। आप 2015 में क्यों लालू जी के पैरों में गिरे थे? क्या जेल से बचने के लिए आपने जनादेश का चीरहरण किया था?”

मालूम हो कि सीएम नीतीश कुमार ने नालंदा की एक चुनावी सभा में राजद पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो लालू यादव को जेल से बाहर नहीं आने देंगे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला मामले में रांची के जेल में बंद है। सोमवार को उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर नीतीश कुमार पर हमला बोला था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.