मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामला : ब्रजेश ठाकुर को नहीं मिली राहत

मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में सुप्रीम कोर्ट के साथ ही पटना हाई कोर्ट भी अलग से सुनवाई कर रहा है. इसे लेकर बुधवार को एक बार फिर पटना हाई कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई. इसमें मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. फिलहाल ब्रजेश ठाकुर को कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है. बता दें कि मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर पिछले जून माह से जेल में बंद है. इसके साथ ही पिछले तीन माह में कई और भी महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां हुई हैं.

इसके साथ ही पटना हाई कोर्ट ने सीबीआई को इस मामले में हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है. कहा कि वह मुजफ्फरपुर बालिका कांड में हो रही कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट अगली तिथि को उपलब्ध कराएं. जानकारी के अनुसार पटना हाई कोर्ट में 31 अक्टूबर को मामले की अगली सुनवाई होगी.

गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट भी कर रहा है. 20 सितंबर को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तल्ख तेवर अपनाया था. इसके बाद अचानक सीबीआई भी पूरे एक्शन में आ गयी और सीबीआई ने उसी दिन ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया. इसमें रोजी रानी समेत ब्रजेश ठाकुर के तीन सहयोगी भी शामिल रहे. ब्रजेेश ठाकुर के दो राजदारों में से एक सुमन शाही को भी गिरफ्तार किया गया था. हालांकि दूसरी राजदार मधु अब भी फरार है.

कहा जाता है कि ब्रजेश की अनुपस्थिति में उनके कार्यालयों को मधु ही देखती थी. सूत्रों की मानें तो बड़े-बड़े अफसरों से मधु ही डील करती थी. हालांकि प्राथमिकी में डायरेक्ट मधु का नाम नहीं था, लेकिन बाद में पूछताछ में पुलिस डायरी में मधु का नाम आया. इसके बाद मधु के बारे में तरह-तरह की जानकारी मिलने लगी.

बहरहाल ब्रजेश ठाकुर जून से जेल में बंद है. वहीं इस मामले में पूर्व मंत्री मंजू वर्मा और उनके पति चंद्रशेखर वर्मा भी फरार चल रहे हैं. बता दें कि मंजू वर्मा की अग्रिम जमानत याचिका को पटना हाई कोर्ट ने मंगलवार को भी खारिज कर दी. ऐसे में कहा जा रहा है कि मंजू वर्मा की भी गिरफ्तारी तय है. पुलिस लगातार दोनों को ढूंढ़ रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading