शिवसेना ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार दोबारा सत्ता में आएगी, राहुल-प्रियंका की कड़ी मेहनत की भी तारीफ की

शिवसेना ने एग्जिट पोल के नतीजों पर भरोसा जताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार दोबारा सत्ता में आएगी। साथ ही उसने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की कड़ी मेहनत की भी तारीफ की। पार्टी के मुखपत्र सामना में कहा गया है कि नई लोकसभा में कांग्रेस को इस बार विपक्ष के नेता पद के लिए पर्याप्त सीटें मिल जाएंगी। सामना के संपादकीय में लिखा गया है कि साल 2019 में फिर मोदी सरकार आएगी, ऐसा कहने के लिए राजनीतिक पंडितों की आवश्यकता नहीं है। जमीनी हालत ऐसी थी कि लोग मोदी को सत्ता में लाने के लिए मन बना चुके थे।

मुखपत्र में दावा किया गया है कि महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा गठबंधन ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। वहीं, राहुल और प्रियंका की प्रशंसा करते हुए शिवसेना ने लिखा है कि निश्चित ही इन दोनों ने मेहनत की। पिछले चुनाव में कांग्रेस के पास लोकसभा में इतनी भी संख्या नहीं थी कि विपक्ष के नेता का पद पा सके। लेकिन इस बार उसे वे जरूरी सीटें मिल सकती हैं। हालांकि इस बार भी कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी।

गौरतलब है कि अधिकतर एग्जिट पोल में दोबारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनने का पूर्वानुमान जताया गया है। कुछ एग्जिट पोल में भाजपा नीत राजग को 300 से अधिक सीटें मिलने और लोकसभा में आराम से 272 का बहुमत का आंकड़ा पार करने का अनुमान है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.